समाचार · पंजाब
पटियाला NIS में नाबालिग साइकिलिस्ट से यौन शोषण का आरोप:आरोपी विदेशी कोच फरार, पुलिस तलाश में जुटी; POCSO एक्ट में केस दर्ज
पटियाला के नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स (NIS) में एक नाबालिग राष्ट्रीय स्तर की साइकिलिस्ट से उसके ही विदेशी कोच ने कथित तौर पर यौन शोषण किया है। इस मामले में सिविल लाइन पुलिस ने POCSO एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। हालांकि, मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी कोच अभी भी फरार है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 13 सितंबर को हुई थी। इसकी जानकारी 18 सितंबर को NIS प्रशासन को मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया, लेकिन तब तक आरोपी कोच संस्थान से जा चुका था। गिरफ्तारी के लिए दिल्ली में की छापेमारी जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कजाकिस्तान का रहने वाला आरोपी कोच मक्सात अजयबायेव दिल्ली में चल रहे एक दूसरे कैंप में मौजूद है। इसके बाद पटियाला पुलिस की खास टीमें दिल्ली पहुंचीं और कैंप में छापेमारी की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से भी निकल गया। कैंप के आयोजकों ने आरोपी का भाई पासपोर्ट पुलिस को सौंप दिया है। SP सिटी बोले-पुलिस खास टीमें बनाई गई पटियाला के SP सिटी मोहित अग्रवाल ने बताया कि आरोपी कोच को पकड़ने के लिए खास पुलिस टीमें बनाई गई हैं। वे लगातार अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है और मामले में दर्ज धाराओं के हिसाब से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रीय स्तर के इस बड़े खेल संस्थान में नाबालिग खिलाड़ी के साथ सामने आए इस कथित मामले ने खिलाड़ियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही हैं।