Tuesday, 8 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

तरनतारन में स्कूल के बाहर फायरिंग की कोशिश:पिस्टल लेकर पहुंचे दो बदमाश; गोली नहीं चली तो बाइक से फरार, घटना CCTV में कैद

INT News8 September 2026 at 01:46 pm

तरनतारन जिले के पट्टी शहर में स्थित एक निजी स्कूल के बाहर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवक कथित तौर पर फायरिंग करने के इरादे से वहां पहुंचे। हालांकि तकनीकी कारणों के चलते वे गोली नहीं चला सके और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय स्कूल में बच्चों की पढ़ाई चल रही थी। गेट पर तैनात वॉचमैन ने देखा कि दो युवक मोटरसाइकिल की रफ्तार धीमी कर स्कूल के सामने रुके। उनके हाथों में पिस्टल थी और उन्होंने स्कूल की ओर निशाना साधकर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन हथियार से फायर नहीं हो सका। इसके बाद दोनों आरोपी वहां से भाग निकले। SSP बोले- आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पट्टी थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। सिटी पट्टी थाना के हेड इंस्पेक्टर विपन कुमार ने बताया कि दो संदिग्ध युवक स्कूल के बाहर आए थे, लेकिन फायरिंग नहीं हुई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। वहीं, एसएसपी ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस चौबीसों घंटे सतर्क है तथा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।