Tuesday, 17 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · गुजरात

डाकोर मंदिर में वीआइपी कल्चर के विरोध में ट्रस्टी का घेराव

INT News16 November 2026 at 10:32 pm

आणंद. खेड़ा जिले में गुजरात के प्रसिद्ध तीर्थस्थल डाकोर स्थित रणछोड़राय मंदिर में वीआइपी कल्चर शुरू करने की कथित कोशिशों के विरोध में स्थानीय वैष्णवों और सेवकों ने मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी गिरीश दाणी का घेराव कर अपनी नाराजगी जताई। डाकोर मंदिर परिसर में वीआइपी दर्शन व्यवस्था को सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से कीर्तनिया जाली के कठेड़े को काटने का काम शुरू किया गया था। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में वैष्णव और मंदिर के सेवक परिसर में एकत्र हुए। उन्होंने मंदिर की वर्षों पुरानी परंपरागत व्यवस्था के साथ छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाते हुए इस काम को तुरंत रोकने की मांग की। इसके अलावा मंदिर के मुख्य द्वार के पास नया वीआइपी रेस्ट रूम बनाने के फैसले को लेकर भी श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है। बताया जा रहा है कि इस रेस्ट रूम में वीआइपी मेहमानों के लिए एसी में बैठने की व्यवस्था के साथ अलग टॉयलेट और बाथरूम आदि आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। श्रद्धालुओं के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं का अभाव मंदिर ट्रस्ट की ओर से लाखों रुपए खर्च कर इस तरह की वीआइपी सुविधाएं विकसित करने के फैसले पर वैष्णवों ने कई सवाल उठाए हैं। भक्तों का कहना है कि दूर-दराज से बड़ी संख्या में आने वाले सामान्य श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। विशेष हॉल और आरामदायक व्यवस्था तैयार करना उचित नहीं भक्तों का कहना है कि ऐसे में आम भक्तों की सुविधाएं बढ़ाने के बजाए कुछ चुनिंदा वीआइपी मेहमानों के लिए विशेष हॉल और आरामदायक व्यवस्था तैयार करना उचित नहीं है। ''कर्णावती कल्चर'' थोपने की कोशिश करने का आरोप वैष्णवों और सेवकों ने इस पूरे मामले में डाकोर मंदिर में ''कर्णावती कल्चर'' थोपने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि डाकोर की वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा और भक्तिमय वातावरण में भगवान के दरबार में सभी भक्तों को समान मानने की भावना रही है। इस तरह के फैसलों से सामान्य श्रद्धालुओं और वीआइपी मेहमानों के बीच भेदभाव की आशंका है। सप्ताह के भीतर निकालेंगे समाधान ट्रस्टी गिरीश दाणी ने कहा कि सेवकों की ओर से वीआइपी कल्चर को लेकर आपत्ति जताई गई है। भगवान के सामने ही वीआइपी बाथरूम और शौचालय की सुविधा बनाए जाने पर सेवकों ने विरोध किया है। इस व्यवस्था को बदलकर दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाएगा और एक सप्ताह के भीतर इस मामले का समाधान निकाल लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां, टेबल और सोफे की व्यवस्था भी की जाएगी।