समाचार · मध्य प्रदेश
सैनिक बचा तो बोला-बच गया साला, स्कूटी को मारी टक्कर:युवती के दोनों पैर फ्रैक्चर, चालक कार छोड़कर फरार; दस्तावेजों की जांच शुरू की
नरसिंहपुर के खैरीनाका इलाके में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार आल्टो कार ने पहले ड्यूटी पर तैनात सैनिक को टक्कर मारने की कोशिश की। सैनिक ने पीछे हटकर खुद को बचाया तो चालक ने जाते हुए कहा- 'बच गया साला।' इसके बाद कुछ दूरी पर कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार विक्रम कौरव और मुस्कान घायल हो गए। मुस्कान के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। देखिए दो तस्वीरें… रॉन्ग साइड से आई थी कार यातायात थाना प्रभारी ममता तिवारी ने बताया कि शहर में दिन के समय भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहता है। इसी व्यवस्था के तहत सैनिक योगेश शर्मा पुराने सोयाबीन प्लांट के पास ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान नरसिंहपुर से करेली जा रही तेज रफ्तार आल्टो कार (एमपी 20 सीसी 2293) रॉन्ग साइड में आई और सैनिक को टक्कर मारने की कोशिश की। सैनिक पीछे हटकर बच गए। इसके बाद कार चालक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। करीब 50 मीटर आगे जाकर कार झाड़ियों में घुस गई। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, तब तक चालक फरार हो चुका था। स्कूटी से पीजी कॉलेज जा रहे थे दोनों बासादेही नयाखेड़ा निवासी विक्रम ने बताया कि वह दोपहर करीब 12 बजे गांव की परिचित मुस्कान को लेकर पीजी कॉलेज जा रहे थे। खैरीनाका पर सामने से रॉन्ग साइड में आ रही कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने ऑटो से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। यातायात थाना प्रभारी ने बताया कि कार के दस्तावेजों की वैधता को लेकर भी जानकारी सामने आई है।