Sunday, 20 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

कपूरथला में लेनदेन विवाद में चली गोली, युवक घायल:परिवार का आरोप- 5 लोगों ने घर में घुसकर मारपीट, फायरिंग और तोड़फोड़ की

INT News20 September 2026 at 01:54 pm

कपूरथला के थाना सुभानपुर के तहत आते गांव हमीरा में लेन-देन के विवाद को लेकर 22 साल के एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक की पहचान बिक्की सिंह (पुत्र परमजीत सिंह) निवासी हमीरा के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उसे जालंधर के पटेल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। 2 लाख रुपये के लेन-देन पर हुई बहस और हमला पुलिस को दिए बयान में घायल के भाई साब सिंह ने बताया कि 18 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे वह और बिक्की घर के बाहर खड़े थे। उसी दौरान लवप्रीत सिंह, गुरविंदर सिंह, परविंदर सिंह, सुरजीत सिंह उर्फ तोता और विक्की वहां आ धमके और करीब 4 महीने पहले गुरविंदर सिंह से उधार लिए गए 2 लाख रुपये मांगने लगे। उस समय पैसे न होने की बात कहने पर बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। पिस्तौल और दातर से हमला, घर में भी की तोड़फोड़ साब सिंह के अनुसार, बहस के दौरान लवप्रीत सिंह और सुरजीत सिंह ने पिस्तौल निकाल ली, जबकि बाकी साथियों ने तेजधार हथियार (दातर) निकाल लिए। इसी बीच लवप्रीत सिंह ने बिक्की पर सीधी गोली चला दी, जो उसके पेट में जा लगी। सुरजीत सिंह द्वारा की गई फायरिंग से घर की खिड़की का शीशा टूट गया। गोली चलने पर साब सिंह डरकर कमरे में छिप गया, जिसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर दातरों से तोड़फोड़ की और हवाई फायर भी किए। गांव के लोगों का शोर सुनकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। जालंधर रेफर, पुलिस ने शुरू की जांच गोली लगने से लहूलुहान बिक्की को तुरंत प्राथमिक इलाज के लिए दयालपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जालंधर रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, डॉक्टरों द्वारा घायल बिक्की को 'बयान के लिए अयोग्य' (Unfit for Statement) घोषित करने के बाद उसके भाई साब सिंह के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।