समाचार · मध्य प्रदेश
शाजापुर में स्टील दुकान से 12 हजार नकदी चोरी:दुकानदार के गोदाम जाते ही युवक ने गल्ले से निकाले पैसे; बाइक से फरार
शाजापुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में दुकानों के गल्ले से नकदी चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। गुरुवार को नई सड़क स्थित ग्लोबल स्टील एवं प्लास्टिक की दुकान का है। यहां पानी का कैंपर लेने के बहाने आए एक युवक ने गल्ले में रखे 12 हजार रुपए चुरा लिए। घटना के समय दुकान संचालक के पिता यूसुफ अली मौजूद थे। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। दुकानदार ने आज शुक्रवार को कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। कैंपर लेने गोदाम गए, युवक ने गल्ले से निकाले रुपए दुकान संचालक के मुताबिक, गल्ले में करीब 12 हजार रुपए रखे थे। दुकान पर उनके पिता यूसुफ अली बैठे थे। इसी दौरान एक युवक पानी का कैंपर लेने पहुंचा। यूसुफ अली कैंपर लेने के लिए गोदाम में चले गए। इसी बीच युवक ने गल्ले में रखी नकदी निकाली और वहां से फरार हो गया। मोबाइल दुकान से भी नकदी चोरी करने का संदेह जानकारी के अनुसार, गुरुवार को एक युवक ने नई सड़क स्थित दुकान के बाद बजाजखाना क्षेत्र की मोबाइल दुकान में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वहां गल्ले से 30 हजार रुपए से अधिक की नकदी चोरी हुई थी। मोबाइल दुकान के सीसीटीवी फुटेज में युवक का चेहरा साफ दिखाई देने की बात सामने आई है। दोनों घटनाओं में एक ही युवक के शामिल होने का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। लगातार वारदातों से व्यापारियों में चिंता शहर में दिनदहाड़े दुकानों से नकदी चोरी होने की घटनाओं से व्यापारियों में चिंता है। दुकानदारों का कहना है कि इस तरह की वारदातों से आर्थिक नुकसान के साथ असुरक्षा भी बढ़ रही है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।