समाचार · झारखंड
ग्रामीणों ने जिसे चुना अध्यक्ष, उसे नहीं मिला प्रभार; अरसली उत्तरी स्कूल का मामला पहुंचा डीसी के पास

भवनाथपुर (गढ़वा): जिले के भवनाथपुर प्रखंड क्षेत्र स्थित राजकीय मध्य विद्यालय अरसली उत्तरी में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. चुनाव में सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने जाने का दावा करने वाले अजय राम को अब तक न तो प्रभार सौंपा गया है और न ही नियुक्ति पत्र दिया गया है. इससे नाराज अजय राम ने उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और न्याय दिलाने की मांग की है. उनके आवेदन पर गांव के कई जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी हस्ताक्षर कर समर्थन जताया है.
ये भी पढ़ें: रांची में काली पूजा पर दिखेगा नर्कलोक का नजारा, खोपड़ी के रास्ते पंडाल में होगा प्रवेश
16 अक्टूबर को हुआ था चुनाव
अजय राम ने अपने आवेदन में बताया है कि 16 अक्टूबर 2026 को राजकीय मध्य विद्यालय अरसली उत्तरी में विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव कराया गया था. इस दौरान ग्रामीणों और अभिभावकों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से उन्हें अध्यक्ष पद के लिए चुना गया था. चुनाव के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय कुमार गुप्ता ने भी उनका नाम अध्यक्ष के रूप में बीआरसी भवनाथपुर को भेज दिया था. इसके बावजूद अब तक उन्हें अध्यक्ष पद का प्रभार और नियुक्ति पत्र नहीं सौंपा गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन की प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की जा रही है और उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है. अजय राम ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें अध्यक्ष पद का प्रभार दिलाने की मांग की है, ताकि विद्यालय का संचालन और पठन-पाठन कार्य सुचारू रूप से चल सके.
चुनाव को लेकर अधिकारियों के अलग-अलग बयान
मामले में बीपीओ रेणु बाला ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव सही तरीके से कराया गया है. पर्यवेक्षक की रिपोर्ट के अनुसार अध्यक्ष पद के चुनाव में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है. हालांकि, समिति के सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं हुए हैं. इस संबंध में प्रधानाध्यापक को सभी सदस्यों के हस्ताक्षर कराने का निर्देश दिया गया है. वहीं, विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि अध्यक्ष पद का चुनाव तो सही हुआ है, लेकिन प्रक्रिया में थोड़ी गड़बड़ी हुई है. शिक्षा विभाग के अधिकारियों और प्रधानाध्यापक के अलग-अलग बयानों के बाद चुनाव की प्रक्रिया और निर्वाचित अध्यक्ष को प्रभार नहीं मिलने का मामला और गंभीर हो गया है.
ये भी पढ़ें: मतदाता सूची में नाम नहीं है तो न हों परेशान! 15 नवंबर तक करें आवेदन
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भी किया समर्थन
अजय राम ने अपने आवेदन के साथ ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षरयुक्त समर्थन पत्र भी संलग्न किया है. इसमें उमेश कुमार, ऋषि कुमार, मनोज कुमार साव, संजय विश्वकर्मा, रुक्मणी देवी, आरती देवी, मुन्नी देवी, शारदा देवी, नीलम देवी, लालसा देवी, चिंता देवी और मनोज शाह सहित कई ग्रामीणों ने उनके समर्थन में हस्ताक्षर किये हैं. इसके अलावा ग्राम पंचायत अरसली उत्तरी की संचालन समिति की सदस्य अनिता देवी ने भी चुनाव में अपनी सहमति जताई है. अजय राम ने आवेदन की प्रतिलिपि जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी गढ़वा, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी भवनाथपुर और प्रखंड विकास पदाधिकारी को भी सौंपी है.