समाचार · मध्य प्रदेश
सीधी में चतुर्वेदी बस बेकाबू होकर नाली में घुसी:रायखोर के पास हादसा; 58 यात्री थे सवार, 3 महिलाएं घायल
रीवा से सीधी और सिंगरौली जा रही चतुर्वेदी बस रविवार दोपहर करीब 12 बजे रायखोर के पास बेकाबू होकर सड़क किनारे बनी नाली में जा घुसी। हादसे के वक्त बस में करीब 58 यात्री सवार थे और बस पूरी तरह भरी हुई थी। इस दुर्घटना में तीन महिलाओं को चोट आई है। अच्छी बात यह रही कि बस पलटी नहीं, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बस तेज रफ्तार में रीवा से सीधी होते हुए सिंगरौली जा रही थी। रायखोर के पास अचानक बस के ब्रेक में कुछ खराबी आ गई। इसी दौरान ड्राइवर ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन बस संभल नहीं पाई। इसके बाद बस सड़क से नीचे उतरकर किनारे बनी नाली में जा घुसी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। ये हुईं घायल इस दुर्घटना में सावित्रीबाई (57), अर्चना शुक्ला (36) और एक अन्य महिला को चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। बाद में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, घायलों को हल्की चोटें आई हैं। तेज रफ्तार में थी बस प्रत्यक्षदर्शी पवन शुक्ला ने बताया कि बस काफी तेज रफ्तार में चल रही थी। उनके सामने ही अचानक बस बेकाबू हुई और ड्राइवर ने ब्रेक लगाया। इसके बाद बस सड़क से नीचे उतरकर नाली में जा घुसी। उन्होंने कहा कि बस पलटने से बच गई, वरना बड़ी संख्या में यात्रियों के घायल होने की आशंका थी। खबर मिलते ही रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस को घटनास्थल पर भेजा गया था। अभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और पूरे मामले की जांच चल रही है। नाली में फंसी बस को बाहर निकालने की कोशिश भी की जा रही है।