Wednesday, 4 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

जाति-आवासीय प्रमाण पत्र से लेकर बिजली तक की शिकायतें होंगी दूर! पेशरार में कल जनता दरबार

INT News4 November 2026 at 01:59 pm

किस्को (लोहरदगा): आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन और सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमतापूर्वक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में 5 नवंबर 2026 (गुरुवार) को पेशरार प्रखंड कार्यालय के सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया जायेगा. जनता दरबार सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा. इस दौरान उपायुक्त ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुनेंगे. साथ ही संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश देंगे.

ये भी पढ़ें: अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती मौत मामले में जांच तेज, पति गिरफ्तार; हाईकोर्ट में 19 नवंबर को सुनवाई

कई विभागों से जुड़ी समस्याओं की होगी सुनवाई

जनता दरबार में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, ताकि प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही निष्पादन किया जा सके. ग्रामीण विकास, राजस्व, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, शिक्षा, कल्याण, समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली, स्वास्थ्य, विद्युत, पंचायती राज, बाल संरक्षण, निबंधन और बैंकिंग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं रखी जा सकेंगी.

आधार और प्रमाण पत्र से जुड़े मामले भी रख सकेंगे ग्रामीण

इसके अलावा आधार पंजीकरण एवं संशोधन तथा जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्र से संबंधित समस्याओं को भी उपायुक्त और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के समक्ष रखा जा सकेगा. ग्रामीण इन मामलों से जुड़े आवेदन और शिकायतें जनता दरबार में प्रस्तुत कर सकेंगे.

उपायुक्त ने ग्रामीणों से की अपील

उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने पेशरार प्रखंड के सभी ग्रामीणों और आमजनों से निर्धारित तिथि एवं समय पर जनता दरबार में पहुंचने की अपील की है. उन्होंने कहा कि लोग अपनी समस्याओं और शिकायतों से प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि संबंधित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके.

ये भी पढ़ें: लोहरदगा के होली फेथ पब्लिक स्कूल में इंटरनेशनल जीके ओलंपियाड, 20 बच्चों ने दिखाई प्रतिभा