समाचार · उत्तर प्रदेश
अयोध्या में राम मंदिर को सजाएंगे दो लाख गोबर के दीये, दीपोत्सव के लिए पांच जोन में बांटी गई जिम्मेदारी

UP News (पवन तोमर): रामनगरी अयोध्या में दीपावली को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं. इस बार श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर दो लाख विशेष दीपों की रोशनी से जगमगाएगा. छोटी और बड़ी दिवाली पर अलग-अलग चरणों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे. दोनों दिन एक-एक लाख दीये जलाने की योजना तैयार की गई है. खास बात यह है कि इन दीपों को देसी गाय के गोबर, मोम और सरसों के तेल से तैयार किया जा रहा है.
महिला समूहों और कारीगरों को मिला काम
विशेष दीपों का निर्माण नगर निगम की बैसिंह स्थित कान्हा गौशाला में कराया जा रहा है. यहां महिला स्वयं सहायता समूहों के साथ कई कारीगर मशीनों की मदद से दीये तैयार करने में जुटे हैं. आयोजन के जरिए पारंपरिक सामग्री के इस्तेमाल के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार को भी बढ़ावा दिया जा रहा है.
बैठक में तय हुआ दीपोत्सव का पूरा खाका
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी) सभागार में शनिवार को आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक हुई. इसमें दीप प्रज्वलन से लेकर पूरे परिसर की सजावट तक की व्यवस्थाओं पर चर्चा कर जिम्मेदारियां तय की गईं. ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (सेवानिवृत्त), सचिव जगदीश आफले और जगन्नाथ गुलवे ने आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं को तैयारियों की रूपरेखा समझाई. व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए मंदिर परिसर को पांच जोन में बांटा गया है.
पहले जोन में 30 हजार से अधिक दीप
श्रीरामलला मंदिर के मुख्य अर्चक आचार्य केशव शर्मा के नेतृत्व में टीम मंदिर प्रांगण, परकोटा, ग्रीन हाउस और यज्ञशाला को दीपों से सजाएगी. इस क्षेत्र में 30 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित करने की योजना है.
दूसरे जोन में भी होगी भव्य रोशनी
कुबेर टीला, सप्तमंडप, शेषावतार मंदिर, हुतात्मा स्मारक और पंचवटी में दीप सज्जा की जिम्मेदारी चन्द्रन क्षितिज और उनकी टीम को सौंपी गई है. इस हिस्से में भी 30 हजार से ज्यादा दीये जलाकर परिसर को रोशन किया जाएगा.
तीसरे जोन में 14 हजार दीपों की व्यवस्था
वापसी दर्शन मार्ग, यात्री सुविधा केंद्र, पीएफसी प्लाजा और नल टीला में दीप प्रज्वलन का काम पीपी मिश्रा की टीम संभालेगी. इस क्षेत्र को 14 हजार से अधिक दीपों से सजाने की तैयारी है.
चौथे जोन में इन स्थानों पर जलेंगे दीप
यात्री सेवा केंद्र, अंगद टीला, सीता रसोई और रामानंदाचार्य द्वार पर दीप सज्जा की जिम्मेदारी सेवानिवृत्त कैप्टन जेपी द्विवेदी को दी गई है. यहां 13 हजार से अधिक दीप जलाए जाएंगे.
पांचवें जोन में सिंह द्वार तक सजेगा मार्ग
श्रीराम जन्मभूमि पथ और दर्शन मार्ग को रोशन करने की जिम्मेदारी नरेंद्र कुमार की टीम को मिली है. टीम सिंह द्वार और चरण पादुका क्षेत्र में करीब 13 हजार दीप प्रज्वलित करेगी.
2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगी रामकथा
इस बार दीपोत्सव में केवल मंदिर परिसर ही नहीं, बल्कि अयोध्या का आसमान भी आकर्षण का केंद्र बनेगा. करीब 2100 ड्रोन की मदद से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की विभिन्न आकृतियों के साथ राम-रावण युद्ध का दृश्य प्रदर्शित किया जाएगा. लगभग 10 मिनट के इस विशेष शो में लेजर लाइट, संगीत और वॉयस ओवर के जरिए रामकथा को जीवंत रूप दिया जाएगा.
सरयू तट पर भी होगा विशेष आयोजन
ड्रोन शो के साथ सरयू नदी के पुराने पुल पर ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो आयोजित करने की तैयारी है. इसके तहत करीब 600 फीट की ऊंचाई तक आसमान में रोशनी का नजारा दिखाई देगा. दो लाख पारंपरिक दीपों, आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए इस बार अयोध्या का दीपोत्सव भव्यता का नया आकर्षण पेश करने की तैयारी में है.
Also Read: Gold Buying Tips: सोना खरीदने जा रहे हैं तो रहें सावधान, ज्वेलरी शॉप पर इन 5 गलतियों से हो सकती है ठगी