समाचार · मध्य प्रदेश
10.2 किलो के ओवरी ट्यूमर के साथ गर्भवती का ऑपरेशन:भोपाल के हमीदिया में जन्मा 2.6 किलो का स्वस्थ शिशु, दोनों की स्थिति स्थिर और संतोषजनक
राजधानी के हमीदिया अस्पताल के डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल और चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की टीम ने 10.2 किलोग्राम वजन के विशाल ओवरी ट्यूमर से पीड़ित गर्भवती महिला का सफल सिजेरियन ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के दौरान पहले 2.6 किलोग्राम वजन के स्वस्थ शिशु का सुरक्षित जन्म कराया गया, इसके बाद उसी सर्जरी में महिला की ओवरी से 10.2 किलोग्राम का ट्यूमर भी निकाल दिया गया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार यह ऑपरेशन चिकित्सकीय दृष्टि से बेहद चुनौतीपूर्ण था। विशाल ट्यूमर और गर्भावस्था, दोनों परिस्थितियों को देखते हुए मरीज और शिशु की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता थी। चिकित्सकों ने सावधानीपूर्वक योजना बनाकर सर्जरी की, जिसके परिणामस्वरूप मां और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। वर्तमान में दोनों की स्थिति स्थिर और संतोषजनक बताई जा रही है। ऐसे मामलों में महिला और शिशु को रहता है जान का खतरा यह जटिल शल्य चिकित्सा गांधी मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. कविता सिंह और स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ. रेखा वाधवानी के मार्गदर्शन में वरिष्ठ सर्जन डॉ. पल्लवी सिंह एवं डॉ. अदिति खरे ने की। ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. तृप्ति वत्सल्य, डॉ. जितेन्द्र कुमार और डॉ. देवांशु सराफ ने संभाली। वहीं विभाग के जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों ने भी पूरी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। चिकित्सकों ने बताया कि इस तरह के मामलों में गर्भवती महिला और गर्भस्थ शिशु दोनों की जान को खतरा रहता है। ऐसे में विशेषज्ञों की समन्वित टीम, सटीक रणनीति और अनुभव के कारण ऑपरेशन सफल हो सका।