समाचार · मध्य प्रदेश
शाजापुर अस्पताल में डॉक्टर अनुपस्थित मिले:सीएमएचओ-डिप्टी कलेक्टर ने देखी व्यवस्थाएं, एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
शाजापुर जिला अस्पताल में मंगलवार सुबह औचक निरीक्षण के दौरान सभी डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. कमला आर्य और डिप्टी कलेक्टर नेहा ने सुबह 10 बजे तक ओपीडी में किसी भी डॉक्टर को ड्यूटी पर न पाकर सभी के एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के समय ओपीडी में एक भी डॉक्टर मौजूद नहीं था, जिससे मेडिकल बनवाने आए दिव्यांग और अन्य मरीज परेशान होते दिखे। अस्पताल में हर मंगलवार को मेडिकल बोर्ड लगता है, जिसमें जिले भर से दिव्यांग और अन्य लोग मेडिकल प्रमाण पत्र बनवाने आते हैं। हालांकि, बोर्ड के सदस्य डॉक्टर एक साथ उपलब्ध नहीं होते, जिसके कारण मरीजों को कई सप्ताह तक अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इसके अलावा, आयुष्मान कार्ड बनवाने में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों की अनुपस्थिति, मेडिकल बोर्ड और आयुष्मान कार्ड न बनने की लगातार मिल रही शिकायतों के चलते कलेक्टर के निर्देश पर यह औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों को कई अन्य लापरवाहियां भी देखने को मिलीं, जिस पर सीएमएचओ ने अस्पताल स्टाफ को कड़ी फटकार लगाई। सीएमएचओ डॉ. कमला आर्य ने बताया कि जिला अस्पताल के निरीक्षण में सभी डॉक्टर अनुपस्थित मिले। अनुपस्थित पाए जाने पर सभी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने मेडिकल बोर्ड और आयुष्मान कार्ड को लेकर भी शिकायतें मिलने की पुष्टि की। अस्पताल प्रभारी एवं डिप्टी कलेक्टर नेहा ने जानकारी दी कि अस्पताल को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने बताया कि मेडिकल बोर्ड के लिए सभी डॉक्टर एक स्थान पर नहीं मिलते और आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए भी लोगों को परेशानी हो रही है।