Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बैढ़न की प्रमुख सड़कें गड्ढों में तब्दील:अंबेडकर चौक से गनियारी-बलियारी मार्ग तक, निगम ने मरम्मत का आश्वासन दिया

INT News7 July 2026 at 12:49 pm

सिंगरौली जिला मुख्यालय बैढ़न की प्रमुख सड़कें इन दिनों आम लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई हैं। अंबेडकर चौक से औद्योगिक क्षेत्र गनियारी और बलियारी तक जाने वाला मुख्य मार्ग बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है। लगातार बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर सड़क की वास्तविक स्थिति पानी में छिपी होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों को खोदा गया था। कार्य पूरा होने के बाद संबंधित एजेंसी और नगर निगम ने सड़कों की उचित मरम्मत नहीं कराई। इसके परिणामस्वरूप, बारिश शुरू होते ही सड़कें उखड़ गईं और गहरे गड्ढे बन गए। नागरिकों का कहना है कि इन गड्ढों के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो रहे हैं, और चारपहिया वाहनों को भी नुकसान हो रहा है। रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन से सड़कों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय पर सुधार कार्य नहीं हुआ, तो बरसात में हादसों की संख्या बढ़ सकती है। लोगों ने नगर निगम आयुक्त से तत्काल संज्ञान लेने, अस्थायी रूप से गड्ढे भरवाने और बारिश समाप्त होने के बाद स्थायी निर्माण कार्य शुरू कराने की अपील की है। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने बताया कि लगातार बारिश के कारण सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत करना फिलहाल संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि बड़े गड्ढों को अस्थायी रूप से भरने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोगों को आवागमन में कुछ राहत मिल सके। आयुक्त प्रधान ने आश्वासन दिया कि बरसात समाप्त होते ही क्षतिग्रस्त सभी सड़कों के निर्माण और मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा।