समाचार · मध्य प्रदेश
पटोदा आश्रम शाला में कचरे के ढेर में मिला तिरंगा:ग्रामीणों ने लगाए आरोप, बोले- साफ-सफाई के दौरान फेंक दिया
श्योपुर जिले के कराहल विकासखंड स्थित पटोदा शासकीय अनुसूचित जनजाति कन्या आश्रम शाला में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के कथित अपमान का मामला सामने आया है। आश्रम शाला परिसर का एक वीडियो आया है, जिसमें तिरंगा झंडा कचरे के ढेर में पड़ा दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उन्होंने इस मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने बनाया वीडियो ग्रामीणों का आरोप है कि छात्रावास में साफ-सफाई के दौरान निकले कचरे के साथ ही राष्ट्रीय ध्वज को भी फेंक दिया गया। उन्होंने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया। वीडियो में तिरंगा झंडा स्पष्ट रूप से कचरे के बीच पड़ा हुआ दिख रहा है, वहीँ एक महिला द्वारा झंडे को बाउंड्री के बाहर फेंकते हुए भी देखा जा सकता है। क्या कहते हैं अधीक्षक इस संबंध में छात्रावास अधीक्षिका ममता मेहता ने अनभिज्ञता जताई है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है और उनके स्टाफ द्वारा ऐसा कोई कार्य नहीं किया जा सकता। अधीक्षिका मेहता ने आगे कहा कि यदि वास्तव में ऐसा हुआ है, तो वे इसकी जानकारी लेकर पूरे मामले की जांच कराएंगी।