समाचार · मध्य प्रदेश
टब में डूबने से दो साल की बच्ची की मौत:घर में खेलते समय टब में डूबी; पिता मजदूरी के लिए बाहर गए थे
दमोह के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत तीदोनी गांव में सोमवार रात 2 साल की बच्ची टब में गिर गई। 2 साल की मासूम की पानी के टब में डूबने से मौत हो गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम के दादा शोभरन नट ने बताया कि उनके बेटे दयाराम की बेटी रूही खेलते समय पानी से भरे टब में गिर गई। परिवार के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे, इसलिए बच्ची कब टब के पास पहुंची, इसका पता नहीं चला। टब में सिर के बल पानी में डूबी हुई मिली कुछ देर बाद जब बच्ची नहीं मिली तो उसकी तलाश शुरू की गई। बाथरूम में जाने पर मासूम टब में सिर के बल पानी में डूबी हुई मिली, उसके पैर ऊपर थे। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दादा के अनुसार, दयाराम के तीन बच्चे हैं, जिनमें रूही सबसे छोटी थी। मासूम के पिता दयाराम मजदूरी के लिए बाहर रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही वे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें बेटी की मौत की खबर मिली। देहात थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।