समाचार · मध्य प्रदेश
12वीं के छात्र ने 1साल तक घर से जेवर चुराए:रिश्ते के नाबालिग भाई ने 50% ब्याज के जाल में फंसाया, वीडियो बनाकर देता रहा धमकी
ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। एक नाबालिग ने अपने ही रिश्ते के 12वीं के छात्र को महज 1500 रुपए उधार देकर 50 फीसदी ब्याज के जाल में फंसा लिया। इसके बाद वीडियो बनाकर उसे जेल भेजने और बदनाम करने की धमकी देता रहा। डर के कारण छात्र ने पिछले एक साल में घर से चोरी-छिपे करीब 15 लाख रुपए के सोने के जेवर आरोपी को सौंप दिए। मामले का खुलासा तब हुआ, जब व्यापारी पिता ने घर की तिजोरी और दुकान का लॉकर खाली देखा। इंदौर से लौटे पिता तो पता चला मुरार थाना पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता कमल किशोर गुप्ता, मीरा नगर निवासी किराना व्यापारी हैं। उनका 17 साल का बेटा 12वीं का छात्र है। 29 जून को कमल गुप्ता अपनी बेटी की नौकरी के सिलसिले में इंदौर गए थे। घर पर उनकी पत्नी और बेटा ही थे। 2 जुलाई को लौटने के बाद उन्होंने घर और दुकान की जांच की तो करीब 10 तोला सोने के गहने गायब मिले। इनमें दो हार, दो चेन, चूड़ियां, झुमकी और अन्य आभूषण शामिल थे। कुछ गहने ऐसे भी थे, जो लोगों ने गिरवी रखे थे। पूछताछ में सामने आई पूरी सच्चाई गहनों के बारे में पूछने पर बेटा रो पड़ा और पूरी घटना बताई। उसने कहा कि कुछ समय पहले उसने अपने रिश्ते के एक नाबालिग भाई से 1500 रुपए उधार लिए थे। यह रकम आरोपी ने अपने दोस्त कपिल के जरिए दिलवाई थी। आरोपी ने इस रकम पर 50 फीसदी मासिक ब्याज लगा दिया। कुछ ही महीनों में ब्याज और पेनल्टी जोड़कर रकम हजारों रुपए बताई जाने लगी। वीडियो बनाकर देता था जेल भेजने की धमकी छात्र के मुताबिक, आरोपी ने पैसे देते समय उसका वीडियो बना लिया था। बाद में वह इसी वीडियो के आधार पर उसे धमकाने लगा कि पैसे नहीं दिए तो पुलिस में शिकायत कर चोरी के आरोप में जेल भिजवा देगा। साथ ही उसकी कुछ निजी बातों को परिवार के सामने उजागर करने की धमकी भी देता था। एक साल तक निकलवाता रहा घर के गहने ब्लैकमेलिंग से डरा छात्र आरोपी के कहने पर पिछले करीब एक साल से घर की अलमारी और दुकान के लॉकर से थोड़ा-थोड़ा कर सोने के गहने निकालकर उसे देता रहा। व्यापारी का आरोप है कि इस पूरे खेल में आरोपी का एक और साथी भी शामिल था, जो फोन पर उनके बेटे को धमकाता था। गल्ले का ताला तुड़वाकर भी निकाले गहने परिवार के अनुसार आरोपी के दबाव में छात्र ने बाजार में दुकान के गल्ले की पेटी का ताला तक तुड़वा दिया। इसके बाद उसने वहां रखे दो सोने के हार, दो चेन, झुमकी, बाले और चार चूड़ियां, जिनका वजन करीब 10 तोला था, आरोपियों को सौंप दिए। शिकायत के बाद आरोपी फरार परिवार ने जब पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी तो मुरार थाना पुलिस ने नाबालिग आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग, धमकी और गहने हड़पने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया। शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया है। मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि व्यापारी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपी नाबालिग की तलाश की जा रही है। साइबर सेल की मदद से उसके मोबाइल नंबर और लोकेशन खंगाली जा रही है। जल्द ही उसे हिरासत में लेकर गहनों की बरामदगी की जाएगी।