समाचार · मध्य प्रदेश
थाने से आकर बस चालक ने खाया जहरीला पदार्थ:राजगढ़ में रात को बेटे के घर आने पर पता लगा; युवक से थी शिकायत
राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में एक बस चालक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। 45 वर्षीय चालक की अस्पताल में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान नरसिंहगढ़ निवासी भोला वर्मा (45) के रूप में हुई है। वह बस चालक का काम करता था। गुरुवार देर शाम भोला वर्मा किसी युवक की शिकायत लेकर नरसिंहगढ़ थाने पहुंचे थे। थाने से लौटने के बाद भोला वर्मा सीधे अपने घर गए और वहां जहरीला पदार्थ खा लिया। रात में जब उनका बेटा घर पहुंचा, तो उसने पिता को बेसुध अवस्था में पड़ा देखा। परिजन तत्काल उन्हें नरसिंहगढ़ सिविल अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों सहित अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।