Monday, 2 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

होटल सॉलिटेयर में सब्जियों के नीचे मिला फूड वेस्ट चैंबर:उज्जैन में बटर की जगह इस्तेमाल कर रहे थे वेजिटेबल फैट; बासी दाल-चावल नष्ट कराकर तेल-पनीर के सैंपल लिए

INT News2 November 2026 at 01:29 pm

उज्जैन में दिवाली से पहले खाद्य विभाग ने होटल और रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच तेज कर दी है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने होटल सॉलिटेयर स्थित माखन भोग रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। यहां किचन में कई अनियमितताएं मिलीं। सब्जियां रखने वाले स्टोर रूम के नीचे ही फूड वेस्ट चैंबर बना मिला। इससे दुर्गंध भी आ रही थी। रोटी और चपाती पर बटर की जगह वेजिटेबल फैट स्प्रेड का इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने बटर, तेल और पनीर के सैंपल लिए हैं। सब्जियों के नीचे बना था वेस्ट चैंबर निरीक्षण के दौरान टीम को स्टोर रूम में आलू, प्याज और दूसरी सब्जियां रखी मिलीं। इसी स्टोर रूम के नीचे फूड वेस्ट चैंबर बना हुआ था। यहां से दुर्गंध आ रही थी। अधिकारियों ने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताई। किचन में साफ-सफाई की कमी और खाद्य पदार्थों का सही तरीके से स्टोरेज नहीं होना भी सामने आया। बटर की जगह वेजिटेबल फैट का इस्तेमाल अधिकारियों को जांच में पता चला कि रोटी और चपाती पर बटर के नाम पर वेजिटेबल फैट स्प्रेड (न्यूट्रलाइट) का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसमें वेजिटेबल ऑयल और बटर फ्लेवर होता है। इसके अलावा डीप फ्रीजर में रखी दाल और चावल के बारे में संचालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। अधिकारियों के अनुसार, ये खाद्य पदार्थ पुराने हो सकते थे। टीम ने मौके पर ही दाल और चावल नष्ट करा दिए। तेल, बटर और पनीर के सैंपल लिए किचन में सफाई का अभाव मिलने के साथ आलू बड़े तलने में इस्तेमाल हो रहे तेल की गुणवत्ता पर भी संदेह जताया गया। खाद्य विभाग की टीम ने बटर, तेल और पनीर के नमूने जांच के लिए लिए हैं। अधिकारियों ने फूड वेस्ट चैंबर की स्थिति और दूसरी अनियमितताओं को गंभीरता से लिया है। लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई शुरू खाद्य विभाग के खाद्य अधिकारी बसंत शर्मा ने बताया कि टीम सोमवार सुबह करीब 11 बजे औचक निरीक्षण के लिए पहुंची थी। जांच में कई अनियमितताएं मिली हैं। नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है। रेस्टोरेंट का खाद्य लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी शुरू की जा रही है। खाद्य विभाग ने दिवाली तक होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों की जांच जारी रखने की बात कही है।