Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

गुरुग्राम में कार ने ऑटो को मारी टक्कर:3 बार पलटा टेंपो, 15 महिलाओं समेत 17 घायल; चालक पर शराब पीकर ड्राइव करने का आरोप

INT News25 October 2026 at 12:31 pm

गुरुग्राम जिले में सोहना-गुरुग्राम मार्ग पर रविवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। एल्डिको सोसायटी के पास एक तेज रफ्तार कार ने सवारियों से भरे ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर तीन बार पलट गया। इस हादसे में टेंपो में सवार 15 महिलाओं और 2 पुरुषों समेत कुल 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को सोहना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से 3 गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सेंट्रल पार्क में मजदूरी करने जा रही थीं महिलाएं प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार अधिकांश महिलाएं दैनिक मजदूरी का काम करती हैं। रविवार सुबह वे सोहना-गुरुग्राम मार्ग पर स्थित सेंट्रल पार्क में काम पर जा रही थीं। पीड़ित महिलाएं मुख्य रूप से गांव लाखुवास, पहाड़ कॉलोनी और गांव सिलानी की रहने वाली हैं। जब उनका टेंपो एल्डिको सोसायटी के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी। नशे में धुत होकर कार चलाने का आरोप, 3 की हालत गंभीर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक शराब के नशे में धुत होकर बेहद तेज गति से गाड़ी चला रहा था। टक्कर लगते ही टेंपो चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलटता चला गया। अचानक हुए इस हादसे से महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल में भर्ती 17 घायलों में से 3 की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है, जबकि अन्य 14 घायलों का सोहना सिविल अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया, जांच जारी हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी कार चालक की चिकित्सकीय जांच कराई जा रही है ताकि शराब पीने की पुष्टि हो सके। मामले में घायलों के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।