समाचार · मध्य प्रदेश
जौलाना में टंट्या मामा की प्रतिमा खंडित:आदिवासी समाज का विरोध, विधायक ग्रेवाल ने थाना घेरा
धार जिले के सरदारपुर तहसील के ग्राम जौलाना में सोमवार को क्रांतिकारी टंट्या मामा की प्रतिमा खंडित कर दी गई। इस घटना से आदिवासी समाज में भारी आक्रोश है। समाजजनों ने विधायक प्रताप ग्रेवाल के नेतृत्व में सरदारपुर थाने का घेराव किया और दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में समाज के लोग सरदारपुर थाने पहुंचे। उन्होंने एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि अज्ञात असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर टंट्या मामा की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया है, जिससे आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। कार्रवाई के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम
समाज का आरोप है कि यह घटना सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और क्षेत्र में तनाव पैदा करने की मंशा से की गई है। सर्व आदिवासी समाज ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर 24 घंटे के भीतर आरोपियों की पहचान कर एफआईआर दर्ज की जाए। समाज ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और भविष्य में महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था करने की भी अपील की गई। विधायक ग्रेवाल बोले- यह बर्दाश्त नहीं
इस अवसर पर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कहा कि टंट्या मामा केवल आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ संघर्ष और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी प्रतिमा के साथ की गई छेड़छाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने प्रशासन से दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उदाहरणात्मक कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन का वाचन जीवन गिरवाल ने किया। इस दौरान ब्रजेश ग्रेवाल, बालूसिंह बारिया, भारत सिंह खराड़ी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।