national
कच्छ सीमा पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम: BSF ने भारतीय जलसीमा के पास पकड़े 4 पाकिस्तानी मछुआरे

BSF Action : गुजरात के कच्छ जिले में भारत-पाकिस्तान समुद्री सीमा के पास सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने चार पाकिस्तानी मछुआरों को गिरफ्तार किया है. जवानों ने उनके पास से एक नाव भी जब्त की है. अधिकारियों के मुताबिक, मछुआरे शनिवार शाम को सर क्रीक इलाके में भारतीय जलक्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करते हुए पकड़े गए.
सर क्रीक इलाके में गश्त के दौरान कार्रवाई
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ की टीम सर क्रीक क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी. इसी दौरान जवानों ने चार पाकिस्तानी मछुआरों को भारतीय जलक्षेत्र में प्रवेश करते हुए देखा और उन्हें पकड़ लिया. इस कार्रवाई में एक नाव भी जब्त की गई है.
हालांकि, सुरक्षा एजेंसी ने अब तक पकड़े गए मछुआरों की पहचान और जब्त नाव से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है. मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है.
संवेदनशील क्षेत्र में BSF की कड़ी निगरानी
सर क्रीक भारत और पाकिस्तान के बीच समुद्री सीमा के पास स्थित एक संवेदनशील इलाका है. यहां दलदली जमीन, ज्वारीय नाले और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सुरक्षा बलों को गश्त के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है.
BSF इस क्षेत्र में अनधिकृत घुसपैठ, सीमा पार आवाजाही और अन्य अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार निगरानी रखती है. मछली पकड़ने के दौरान पाकिस्तानी मछुआरों के भारतीय जलक्षेत्र में प्रवेश करने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं. ऐसे मामलों में भारतीय सुरक्षा बल मछुआरों को हिरासत में लेते हैं और उनकी नावें भी जब्त की जाती हैं.
ये भी पढ़ें: क्या 2 साल के लिए जेल जाएंगे राहुल गांधी? 26 अक्टूबर को सुल्तानपुर कोर्ट में होंगे पेश, अमित शाह पर टिप्पणी मामले में आएगा फैसला