समाचार · हरियाणा
GJU में गेस्ट फैकल्टी को 4 महीने से वेतन नहीं:रोजाना ले रहे 4 से 5 लेक्चर; आर्थिक तंगी के मुहाने पर खड़े शिक्षक
गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (GJUST) में बीते दो सालों से अपनी सेवाएं दे रहे गेस्ट फैकल्टी शिक्षकों पर आर्थिक संकट गहरा गया है। पिछले चार महीनों से वेतन (मानदेय) न मिलने से खफा शिक्षकों ने मंगलवार को यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार को ज्ञापन सौंपकर जल्द बकाया भुगतान की मांग उठाई है। शिक्षकों का कहना है कि यूनिवर्सिटी के अकादमिक ढांचे को सुचारू रूप से चलाने में वे अहम भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन मानदेय रुकने से अब उनके सामने परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है। वहीं जब इस बारे में रजिस्ट्रार डॉ. विजय कुमार के नंबर 8295658*** पर संपर्क करने का प्रयास किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। दिन में 4 से 5 लेक्चर, वर्कलोड पूरा पर वेतन का अता-पता नहीं शिक्षकों ने ज्ञापन में दर्द बयां करते हुए बताया कि वे पिछले दो वर्षों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। वर्तमान में गेस्ट फैकल्टी पर पढ़ाई का भारी वर्कलोड है और हर शिक्षक रोजाना 4 से 5 लेक्चर ले रहा है। इसके बावजूद पिछले 4 महीनों से उन्हें एक नया पैसा भी जारी नहीं किया गया है। वेतन ही आजीविका का एकमात्र सहारा गेस्ट फैकल्टी मेंबर्स ने कहा कि यह मानदेय ही उनकी आजीविका का मुख्य जरिया है। लगातार चार महीने से सैलरी न मिलने की वजह से उन्हें भारी वित्तीय तंगी का सामना करना पड़ रहा है। निजी और पारिवारिक खर्चों को पूरा करना दिन-ब-दिन चुनौती बनता जा रहा है। यूनिवर्सिटी प्रशासन से लगाई गुहार शिक्षकों ने रजिस्ट्रार से गुहार लगाई है कि मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर पेंडिंग सैलरी जल्द से जल्द खातों में भिजवाई जाए। साथ ही मांग रखी कि भविष्य में हर महीने समय पर वेतन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि सभी शिक्षक मानसिक तनाव से मुक्त होकर अपनी अकादमिक जिम्मेदारियों को निभा सकें।