Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कांग्रेस ने भगवान हनुमान को सौंपा ज्ञापन:हरदा में सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना, विधायक बोले- चंदा चोरों को काला पानी की सजा मिले

INT News7 July 2026 at 09:30 pm

अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा घोटाले को लेकर हरदा में कांग्रेस ने मंगलवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकारी दफ्तरों के बजाय कोर्ट के सामने स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर भगवान हनुमान को प्रतीकात्मक ज्ञापन सौंपा। साथ ही सरकार को सद्बुद्धि देने और मामले में उचित कार्रवाई की प्रार्थना की। मंगलवार शाम हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रार्थना की कि सरकार को सद्बुद्धि मिले और राम मंदिर से जुड़े कथित घोटालों में दोषियों पर कार्रवाई हो। विधायक बोले- दोषियों को काला पानी की सजा मिले

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद व्यास ने अयोध्या में चढ़ावे से जुड़े कथित घोटाले को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की। हरदा विधायक डॉ. आर.के. दोगने ने इस घटना को श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ बताया। उन्होंने कहा कि इस मामले के दोषियों को 'काला पानी की सजा' मिलनी चाहिए। कांग्रेस का यह अनोखा विरोध प्रदर्शन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।