Tuesday, 17 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मऊगंज कलेक्ट्रेट में छह महीने से फाइल गायब:रीडर पर फाइल दबाने और पैसे मांगने का आरोप; कलेक्टर बोले- जांच करेंगे

INT News16 November 2026 at 10:34 pm

मऊगंज कलेक्ट्रेट में खसरा सुधार की फाइल छह महीने से नहीं मिल रही है। किसान बृजेश कुमार उपाध्याय ने कलेक्टर के रीडर सर्वसुख सिंह पटेल पर फाइल दबाने और उसे आगे बढ़ाने के बदले पैसे मांगने का आरोप लगाया है। उन्होंने सोमवार शाम 5 बजे कलेक्टर कार्यालय में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुश्तैनी जमीन के रिकॉर्ड में सुधार के लिए दिया था आवेदन ग्राम दादर (गुरमा डैम), तहसील हनुमना निवासी बृजेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने अपनी और भाई के नाम दर्ज पुश्तैनी जमीन के दस्तावेजों से ‘नाबालिग’ शब्द और संरक्षक का नाम हटाने के लिए आवेदन दिया था। मामला पांच साल से पुराना होने के कारण लिखित अनुमति के लिए फाइल 25 जून 2026 को हनुमना एसडीएम कार्यालय से मऊगंज कलेक्ट्रेट भेजी गई थी। पैसे नहीं देने पर फाइल रोकने का आरोप उपाध्याय का आरोप है कि कलेक्टर के रीडर सर्वसुख सिंह पटेल ने फाइल आगे बढ़ाने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे नहीं दे पाने पर फाइल छह महीने तक रोककर रखी गई। अब उन्हें फाइल नहीं मिलने की बात कही जा रही है। केसीसी नहीं बनने से खाद-बीज खरीदने में परेशानी बृजेश उपाध्याय के मुताबिक, जमीन के रिकॉर्ड में सुधार नहीं होने से उनका किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) नहीं बन पा रहा है। इससे उन्हें खेती के लिए खाद और बीज खरीदने में परेशानी हो रही है। कलेक्टर बोले- फाइल गायब होने की जांच होगी कलेक्टर राजेश कुमार ओगर ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। एसडीएम या तहसीलदार कार्यालय से भेजी गई फाइल कलेक्ट्रेट में पहुंची थी या नहीं, उसे रिसीव किया गया था या नहीं और वह कैसे गायब हुई, इसकी जांच कराई जाएगी। अगर फाइल कलेक्ट्रेट से गायब हुई है तो जिम्मेदार कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई होगी।