national · महाराष्ट्र
क्या टूटने वाली है शरद पवार की एनसीपी? बोले संजय राउत- फैलाई जा रही हैं अफवाहें

मुंबई में एनसीपी (शरद गुट) के नेता जयंत पाटिल ने पार्टी में किसी तरह की टूट की अटकलों को खारिज किया. न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी पूरी तरह एकजुट है. हम सभी शरद पवार के नेतृत्व में काम कर रहे हैं और साथ मिलकर आगे बढ़ रहे हैं.
इस बयान से पहले एक खबर 15 जुलाई की सुबह आई. खबर के अनुसार, 14 जुलाई को जयंत पाटिल पहले शरद पवार से मिलने उनके 'सिल्वर ओक' आवास पहुंचे. कुछ देर बाद उन्होंने देर रात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की. दूसरी ओर, अजित पवार गुट के सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल ने भी अलग से फडणवीस के साथ बैठक की.
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने मुलाकात पर क्या कहा?
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने जयंत पाटिल की मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात को लेकर चल रही अटकलों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि जयंत पाटिल एनसीपी (शरद पवार गुट) और महाविकास आघाड़ी के अहम नेता हैं. राउत का आरोप है कि शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस को लेकर जानबूझकर अफवाहें फैलाई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी और शिंदे गुट के पास बताने के लिए कोई बड़ी उपलब्धि नहीं है, इसलिए ऐसी खबरें उड़ाई जा रही हैं.
राउत ने बताया कि उनकी सुप्रिया सुले से भी बात हुई है. सुले भी इन खबरों से हैरान हैं और आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरी स्थिति साफ करेंगी.
ये भी पढ़ें: शरद पवार का अगला कदम क्या होगा? सीएम फडणवीस संग देर रात हुई NCP नेताओं की बैठक
क्या चाहते हैं शरद गुट के विधायक?
ये सारी हलचल ऐसे समय हो रही है, जब शरद पवार की एनसीपी (एसपी) अपने सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही है. जुलाई 2023 में अजित पवार पार्टी से अलग होकर बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन में शामिल हो गए थे. अब पार्टी के अंदर भी नए राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा तेज है. सूत्रों का कहना है कि 10 में से करीब आधे विधायक एनडीए के साथ जाने के पक्ष में हैं. उनका तर्क है कि विपक्ष में रहने से अपने विधानसभा क्षेत्रों के लिए विकास योजनाओं की मंजूरी और फंड लाना लगातार मुश्किल होता जा रहा है.