समाचार · झारखंड
मतदाता सूची में नाम नहीं है तो न हों परेशान! 15 नवंबर तक करें आवेदन

गढ़वाः मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत पात्र युवाओं और नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए गुरुवार को जिले में विशेष सोशल मीडिया अभियान चलाया जायेगा. दोपहर 12 बजे से एक बजे तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से लोगों को ECINet ऐप डाउनलोड करने और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जायेगा. अभियान के लिए #DownloadECINet हैशटैग का इस्तेमाल किया जायेगा.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने जिले के सभी संबंधित पदाधिकारियों, शिक्षण संस्थानों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है. फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब समेत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभियान का प्रचार-प्रसार किया जायेगा. इसके अलावा महाविद्यालयों, प्लस टू उच्च विद्यालयों और तकनीकी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को भी इस मुहिम से जोड़ा जायेगा.
ये भी पढ़ें: झारखंड के अमीर रियाज का राष्ट्रीय साइकिलिंग में जलवा, केरिन स्पर्धा में जीता स्वर्ण पदक
15 नवंबर तक फॉर्म-6 भरने का मौका
उपायुक्त ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची में जिन पात्र नागरिकों का नाम शामिल नहीं है और जिनकी आयु एक अक्तूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो रही है या हो चुकी है, वे 15 नवंबर तक फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के माध्यम से या ऑनलाइन आवश्यक घोषणा प्रपत्र के साथ जमा किया जा सकता है.
लोकतंत्र की मजबूती के लिए भागीदारी जरूरी
उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में शामिल होना जरूरी है. कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है. उन्होंने जिलेवासियों से सोशल मीडिया अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक पात्र लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की.
ये भी पढ़ें: अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती मौत मामले में जांच तेज, पति गिरफ्तार; हाईकोर्ट में 19 नवंबर को सुनवाई