समाचार · मध्य प्रदेश
NH-719 बायपास पर डंपर ने बाइक सवार युवक को रौंदा:भिंड में मैरिज गार्डन के सामने मारी टक्कर, फुफेरे भाई की हालत गंभीर, ग्वालियर रेफर
भिंड में नेशनल हाईवे-719 बायपास पर एक बार फिर तेज रफ्तार डंपर ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार दो युवकों को पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका फुफेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। घटना सोमवार रात करीब 9:30-10 बजे सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में संस्कृति मैरिज गार्डन के सामने हुई। टक्कर लगने से मौके पर दम तोड़ा
पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय विकास पिता रमेश जाटव निवासी भितरवार (जिला ग्वालियर) अपने फुफेरे भाई दीपक पिता मर्दान सिंह जाटव (26) के साथ बाइक से इटावा रोड से भवानीपुर की ओर एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। जैसे ही दोनों संस्कृति मैरिज गार्डन के सामने पहुंचे, पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। ड्राइवर डंपर छोड़कर भाग गया
हादसे के बाद डंपर ड्राइवर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल दीपक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने डंपर की तलाश शुरू कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बायपास पर हादसे बन रहे चिंता का विषय
NH-719 बायपास पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे लोगों की चिंता का कारण बनते जा रहे हैं। संस्कृति मैरिज गार्डन सहित कई मैरिज गार्डन हाईवे किनारे संचालित होने से शादी समारोह के दौरान वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। इसके अलावा हाईवे किनारे शराब दुकानें और भारी वाहनों की तेज रफ्तार भी हादसों की बड़ी वजह मानी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक वर्ष में इसी बायपास पर 6 से 7 लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में जान जा चुकी है। इसके बावजूद दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अब तक कोई ठोस और प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है।