Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

राहगीर से लूट के 3 आरोपी गिरफ्तार:सतना पुलिस ने बाइक और चांदी का ब्रेसलेट भी जब्त किया

INT News7 July 2026 at 08:50 am

सतना में कोलगवां थाना पुलिस ने एक राहगीर से लूटपाट के आरोप में तीन व्यक्तियों को सोमवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने राहगीर से मारपीट कर मोबाइल फोन और चांदी का ब्रेसलेट लूटा था। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली है। टी.आई. सुदीप सोनी ने बताया कि यह घटना 5 जुलाई की रात करीब 1 बजे हुई थी। कृष्णनगर निवासी 42 वर्षीय कन्हैयालाल सोधिया सेमरिया चौक से अपने घर पैदल जा रहे थे। तभी बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोका, मारपीट की और उनका चांदी का ब्रेसलेट व मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। पीड़ित कन्हैयालाल ने उसी रात थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। मोबाइल और चांदी का ब्रेसलेट जब्त

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अंकुर उर्फ छोटू पंडित (25 वर्ष, निवासी करहिया, थाना सिरमौर, जिला रीवा, हाल सिद्धार्थ नगर), सचिन कुशवाहा (23 वर्ष, निवासी गोविंदगढ़ रीवा, हाल बरदाडीह शुक्ला) और रोहित रजक (23 वर्ष, निवासी ऐरा, थाना रामपुर बाघेलान, हाल बरदाडीह) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बाइक (क्रमांक एमपी 17 एमएस 9651), लूटा गया मोबाइल फोन और चांदी का ब्रेसलेट जब्त किया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।