Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

रीवा रोड पर पलटा हाइवा, धू-धूकर कर जला:सतना में डिवाइडर से टकराने के बाद लगी आग, ड्राइवर फरार

INT News7 July 2026 at 08:42 am

सतना में रीवा रोड पर एक हाइवा डिवाइडर से टकराकर पलट गया, जिससे उसमें भीषण आग लग गई। यह घटना सोमवार देर रात कोलगवां थाना क्षेत्र में हुई। आग की लपटें काफी देर तक उठती रहीं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रात लगभग 11 बजे नो-एंट्री खुलने के बाद रीवा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार हाइवा (एपी 31 टीएच 8001) फ्लाईओवर से उतरते समय बेकाबू हो गया। यह डिवाइडर से टकराकर पलट गया और तुरंत उसमें आग लग गई। ड्राइवर वाहन से निकलकर मौके से फरार हो गया। आसपास से गुजर रहे लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। कोलगवां थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक हाइवा बुरी तरह जल चुका था। एक लेन पर यातायात बाधित हुआ

इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, दुर्घटना और आग के कारण एक लेन पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जो देर रात तक बना रहा। प्रारंभिक अनुमान है कि डिवाइडर से टकराने के बाद डीजल टैंक फटने से आग तेजी से फैली। दुर्घटनाग्रस्त हाइवा में लेटेराइट या बॉक्साइट जैसा खनिज लोड था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भागते समय ड्राइवर लड़खड़ा रहा था, जिससे उसके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक से संपर्क कर फरार चालक की तलाश कर रही है और आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।