समाचार · मध्य प्रदेश
मुरैना में एएसआई ने रिश्वत मांगी:टीआई का डर दिखाकर ₹50 हजार देने के लिए कहा; वीडियो वायरल होते ही निलंबित
मुरैना जिले के सबलगढ़ थाने में पदस्थ एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) का सोमवार को रिश्वत मांगने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में एएसआई मारपीट के एक मामले के आरोपियों को कार्रवाई और जेल भेजने का डर दिखाते हुए कथित तौर पर पैसों की मांग करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एएसआई को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। कहा- थाने से ही माामला समाप्त कर देंगे
जानकारी के अनुसार सबलगढ़ थाने में पदस्थ एएसआई रामबाबू निवोरिया का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में वह आरोपियों से बातचीत के दौरान थाना प्रभारी का नाम लेकर कार्रवाई का भय दिखाते हुए कथित तौर पर 10 हजार, 20 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपए तक की रकम की बात करते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में कथित रूप से एएसआई यह कहते हुए सुनाई देते हैं कि यदि पैसे दिए जाएं तो मामला थाने से ही समाप्त कराया जा सकता है, अन्यथा आरोपियों को जेल भेज दिया जाएगा। बातचीत के दौरान सामने वाला व्यक्ति उनसे पूछता है कि इसके लिए क्या करना होगा, जिस पर एएसआई कथित रूप से अलग-अलग रकम का उल्लेख करते हैं। एसपी ने तत्काल सस्पेंड किया
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने एएसआई रामबाबू निवोरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसपी धर्मराज मीणा ने बताया कि वायरल वीडियो में एएसआई द्वारा कार्रवाई का डर दिखाकर कथित रूप से पैसों की मांग किए जाने का मामला सामने आया है। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर प्रतीत होने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। पूरे प्रकरण की विभागीय जांच सबलगढ़ एसडीओपी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस विभाग वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रहा है।