Thursday, 13 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

चमोली में भारी बारिश के बाद HCC टनल में अचानक घुसा पानी, 18 मजदूर बचाए गए; राहत-बचाव कार्य जारी

INT News13 August 2026 at 09:36 pm

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया, "शाम करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच, पिपलकोटी में पनबिजली परियोजना के लिए बन रही सुरंग में 1.8 किलोमीटर के निशान पर एक जगह से मलबा और पानी अचानक बाहर निकल आया. इससे वहां काम कर रहे मजदूर फंस गए. अब तक करीब 18 लोग बाहर निकल पाए हैं, जबकि आशंका है कि बाकी लोग अभी भी अंदर फंसे हुए हैं. SDRF और NDRF की टीमें मौके पर काम कर रही हैं और TLDC व SCC की मशीनरी लगातार मलबा हटाने में जुटी है. इसके अलावा, पानी निकालने के लिए तीन पंप लगाए गए हैं. बचाव अभियान जारी है और उम्मीद है कि अगले कुछ घंटों में फंसे हुए सभी लोगों को बाहर निकाल लिया जाएगा."

टनल के अंदर फंसे मजदूरों को बाहर निकालने का काम जारी

टनल के अंदर फंसे बाकी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभी भी बचाव अभियान चल रहा है. पानी के अचानक और तेजी से अंदर आने के कारण टनल के अंदर हालात गंभीर बने हुए हैं. मौके पर जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF, NDRF, ITBP, सेना और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें मौजूद हैं.

डिजास्टर कंट्रोल रूम के लिए रवाना हुए सीएम धामी

चमोली जिले में हुई घटना के बाद हालात का जायजा लेने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने सरकारी आवास से डिजास्टर कंट्रोल रूम के लिए रवाना हुए.