Wednesday, 19 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

खजराना गणेश मंदिर में 14 सितंबर से 10 दिवसीय उत्सव:सवा लाख मोदक का लगेगा भोग, धार्मिक थीम पर सजेगा मंदिर परिसर

INT News19 August 2026 at 08:49 pm

खजराना गणेश मंदिर में इस बार 14 सितंबर से 10 दिवसीय गणेश उत्सव शुरू होगा। उत्सव को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बुधवार को मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान दर्शन, सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, स्वच्छता, बिजली-पुष्प सजावट, प्रसाद वितरण और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कार्ययोजना तय की गई। भीड़ बढ़ी तो बढ़ाई जाएगी बैरिकेडिंग उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए एकांगी मार्ग व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। मंदिर आने वाले भक्त सिद्धि विनायक अस्पताल से गणेशपुरी मार्ग होते हुए मंदिर में एंट्री करेंगे। मंदिर के अंदर झिग-झैग और स्टेपिंग व्यवस्था से दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद कालका माता मंदिर गेट से निकासी कर श्रद्धालुओं को खजराना चौराहे की ओर भेजा जाएगा। जरूरत के अनुसार एक्स्ट्रा बैरिकेडिंग और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे। पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मंदिर में आने-जाने वाले रास्तों पर विशेष व्यवस्था संभालेगा। एक्स्ट्रा सुरक्षा बल की तैनाती के साथ आवश्यकता पड़ने पर रिजर्व पुलिस बल भी लगाया जाएगा। धार्मिक थीम पर रोशन होगा पूरा परिसर गणेश उत्सव में मंदिर परिसर को धार्मिक थीम पर सजाया जाएगा। मंदिर, प्रमुख मार्ग, पार्किंग, बिल्डिंग और शिखरों पर आकर्षक लाइटिंग से सजावट की जाएगी। खजराना चौराहे से रिंग रोड, कालका माता मंदिर गेट, बाहर जाने के रास्ते होते हुए सिद्धि विनायक अस्पताल तक भी सजावट प्रस्तावित है। मुख्य प्रांगण, गर्भगृह, सभा मंडप और मूषक स्थल की फूलों से विशेष सजावट की जाएगी। वीआईपी पार्किंग से शनि पट्टी तक आकर्षक कॉरिडोर और सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए अस्थायी स्वागत द्वार भी तैयार किए जाएंगे। सोने के आभूषणों से होगा गणपति का श्रृंगार उत्सव के दौरान भगवान श्री गणेश का स्वर्ण आभूषणों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। परंपरा के अनुसार सुबह 10 बजे ध्वजा पूजन प्रस्तावित है। गणेश उत्सव के दौरान भगवान को सवा लाख मोदक का भोग लगाया जाएगा। यह आयोजन जनसहयोग से होगा। भक्तों को मोदक प्रसाद वितरित करने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। अन्नक्षेत्र में दानदाताओं के सहयोग से विशेष भोजन व्यवस्था भी रहेगी। पेयजल, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। अतिरिक्त सफाईकर्मी तैनात करने के साथ डस्टबिन की संख्या बढ़ाई जाएगी। मंदिर परिसर में जीरो वेस्ट योजना पर भी काम होगा। रथ में नगर भ्रमण करेंगे खजराना गणेश दस दिवसीय उत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक और नि:शुल्क कार्यक्रम होंगे। धार्मिक नाट्य मंचन, भजन सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भगवान खजराना गणेश के नगर भ्रमण के लिए आकर्षक रथ तैयार किया जाएगा। चल समारोह में झांकी, बैंड और अखाड़े शामिल होंगे। 11 से 20 अक्टूबर 2026 तक होने वाले नवदुर्गा उत्सव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। माता की आराधना के साथ गरबा और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।