Wednesday, 19 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

भारत के खिलाफ हार के बाद श्रीलंका को लगा दोहरा झटका, कुसल मेंडिस-चांदीमल दूसरे टेस्ट से बाहर

INT News19 August 2026 at 09:23 pm

Kusal Mendis And Dinesh Chandimal Out Of 2nd Test: भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे और आखिरी मुकाबले से पहले श्रीलंका को दोहरा झटका लगा है. विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल मेंडिस और पूर्व कप्तान दिनेश चांदीमल दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं. दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाना है.

कुसल मेंडिस हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पहले टेस्ट से भी बाहर रहे थे. उन्हें पिछले महीने लंका प्रीमियर लीग के दौरान चोट लगी थी. श्रीलंका के मुख्य कोच गैरी कर्स्टन ने बुधवार को बताया कि उनकी चोट गंभीर है और वह कुछ समय तक टीम से बाहर रहेंगे.

चांदीमल की जगह पसिंंदु सूर्याबंदारा को मिला था मौक

वहीं, दिनेश चांदीमल को गॉल टेस्ट के चौथे दिन चोट लगी थी. कन्कशन के कारण उन्हें मुकाबले से बाहर होना पड़ा. उनकी जगह युवा बल्लेबाज पसिंंदु सूर्याबंदारा को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला, लेकिन वह अपने पहले ही टेस्ट की पहली पारी में खाता नहीं खोल सके. उन्हें मानव सुथार ने गोल्डन डक पर आउट किया.

ये भी पढ़ें: भारत के 600 टेस्ट मैचों का सफर: 94 साल, 187 जीत...ऐसे बदली टीम इंडिया की तस्वीर

चांदीमल और मेंडिस के अलावा निसांका पर भी संशय

श्रीलंका के लिए परेशानी यहीं खत्म नहीं हुई है. सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका के भी दूसरे टेस्ट के लिए फिट होने की संभावना कम है. ऐसे में भारत के खिलाफ सीरीज के दूसरे मुकाबले में श्रीलंका को अपनी बल्लेबाजी में बदलाव करना पड़ सकता है.

गैरी कर्स्टन ने कहा, "कुसल मेंडिस को हैमस्ट्रिंग की गंभीर चोट है और वह कुछ समय तक उपलब्ध नहीं रहेंगे. दिनेश भी अगले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हैं."

उन्होंने आगे कहा कि इन खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का अच्छा मौका है. श्रीलंका के घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ी टीम में जगह बनाने की दौड़ में हैं.

पसिंंदु सूर्याबंदारा को मिलेगा एक और मौका?

श्रीलंका ने अभी तक कोलंबो टेस्ट के लिए अपनी टीम का ऐलान नहीं किया है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि गॉल टेस्ट में डेब्यू करने वाले पसिंंदु सूर्याबंदारा को दूसरे टेस्ट में भी खेलने का मौका मिलता है या नहीं. श्रीलंका को टेस्ट सीरीज में बराबरी के लिए कोलंबो टेस्ट जीतना होगा. ऐसे में उम्मीद है कि टीम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है.

ये भी पढ़ें: 'लंबे समय तक भारत के लिए खेल सकते हैं मानव सुथार', कप्तान गिल भी हुए स्टार स्पिनर के मुरीद