समाचार · पंजाब
लुधियाना में बाइक चोर को नंगा करके पीटा:घटना का वीडियो वायरल: लॉक तोड़ते देख मचाया शोर, लोगों ने पकड़ा
लुधियाना के कैलाश नगर इलाके में एक मोटरसाइकिल चोरी करने का प्रयास कर रहे युवक को स्थानीय निवासियों ने रंगे हाथ दबोच लिया। घटना से गुस्साए लोगों ने न सिर्फ युवक की जमकर पिटाई की, बल्कि उसके कपड़े भी उतार दिए। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना के चश्मदीद रिहान ने बताया कि वह कैलाश नगर इलाके में अपने एक दोस्त के घर आया हुआ था। उसने अपनी मोटरसाइकिल दोस्त के घर के बाहर गली में खड़ी की थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां आया और सुनसान मौका देखकर रिहान की मोटरसाइकिल के हैंडल का लॉक तोड़ने का प्रयास करने लगा। शोर सुनकर जुटी भीड़, बनाया वीडियो युवक को मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध रूप से छेड़छाड़ करते देख पास ही मौजूद एक अन्य व्यक्ति की नजर उस पर पड़ गई, जिसने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया।शोर की आवाज सुनते ही आसपास के घरों और दुकानदारों सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। भागने की कोशिश कर रहे चोर को लोगों ने चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने युवक की धुनाई शुरू कर दी। देखते ही देखते वहां भारी हंगामा खड़ा हो गया और कुछ लोगों ने गुस्से में आकर युवक के कपड़े भी उतार दिए। इसी हंगामे के बीच वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का अपने मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जमकर वायरल हो रहा है। इलाके में चोरी की बढ़ती घटनाओं से रोष इस घटना के बाद कैलाश नगर इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बना रहा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से वाहन चोरी और अन्य चोरियों की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। बार-बार हो रही इन घटनाओं के कारण स्थानीय लोगों में भारी चिंता और रोष व्याप्त है, जिसके चलते आज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।