समाचार · मध्य प्रदेश
राजगढ़: 40 फीट गहरे कुएं में मिला महिला का शव:पिता बोले-दहेज नहीं दिया इसलिए ससुराल वालों में मार डाला, पुलिस जांच में जुटी
राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के पदमपुरा गांव में बुधवार को महिला का शव कुएं से मिला। कुआं करीब 40 फीट गहरा है। महिला की पहचान ममता बाई सौंधिया के रूप में हुई है। पिता बिरम सिंह सोंधिया ने बेटी के ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को सूचना मिली कि ममता नाम की महिला सुबह 10 बजे से लापता है। कुएं के बाहर उसकी चप्पलें मिलीं। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शहर से गोताखोरों की टीम बुलाई गई। शाम 4 बजे शव को कुएं से बाहर निकाला गया। रात लगभग 7 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए खिलचीपुर अस्पताल भेजा गया। पिता बोले-शादी में दहेज नहीं दिया इसलिए मार दिया परिजनों का आरोप है कि शादी के लगभग 6 महीने बाद से ही ममता को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। उसे ताने दिए जाते थे कि तेरे पिता ने शादी में दहेज नहीं दिया। परिवार ने बताया कि ससुराल वालों ने उसका मोबाइल तोड़ दिया था। जिसकी वजह से ममता बात नहीं कर पाती थी। बिरम सिंह ने बताया कि दहेज विवाद बढ़ने पर 2025 में वे ममता को अपने घर ले आए थे। लगभग 6 महीने तक मायके में रही। इसके बाद उसका पति नरेंद्र रात में अचानक ससुराल ले गया था। तब से वह ससुराल में ही रह रही थी। अस्पताल में शव पहुंचा तो ससुराल पक्ष से कोई नहीं था शाम करीब 7 बजे ममता का शव पोस्टमार्टम के लिए खिलचीपुर अस्पताल पहुंचा। यहां उसके मायके पक्ष के लोग मौजूद रहे। परिजनों का आरोप है कि उस समय ससुराल पक्ष से कोई भी व्यक्ति अस्पताल नहीं पहुंचा। शव के पास ममता की बहन और अन्य परिजन रोते-बिलखते रहे। बहन ने रोते हुए आरोप लगाया कि उसकी बहन को दहेज के लिए मारकर कुएं में फेंका गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।