समाचार · पंजाब
बटाला में किसानों का थाने के बाहर धरना:ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी रोकने और शिकायतों के समाधान की उठाई मांग
बटाला में किसान मजदूर संघर्ष कमेटी जोन दमदमा साहिब ने विभिन्न मांगों को लेकर थाना श्री हरगोबिन्दपुर साहिब के बाहर धरना प्रदर्शन किया। धरने में कमेटी के प्रादेशिक नेता हरविन्द्र सिंह मसानिया, जिला अध्यक्ष हरभजन सिंह वैरोनंगल, महासचिव कुलबीर सिंह काहलों और अध्यक्ष परमिन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के करीब 15 गांवों के लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार थाना श्री हरगोबिन्दपुर साहिब के चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन उनकी शिकायतों का समय पर निपटारा नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि इससे लोगों में निराशा और रोष बढ़ रहा है। धरने में उठा ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी का मुद्दा धरने के दौरान किसानों ने क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि इन चोरियों के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि चोरी की घटनाओं को रोकने और आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। धरने के दौरान पुलिस अधिकारियों ने किसान नेताओं से बातचीत की और उनकी समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिया। आश्वासन मिलने के बाद किसान नेताओं ने धरना समाप्त करने की घोषणा कर दी।