समाचार · मध्य प्रदेश
हटा बस स्टैंड पर जर्जर प्रतीक्षालय जमींदोज:नपा ने 30 साल पुराना अतिक्रमण हटाया; वैकल्पिक व्यवस्था न होने से यात्री परेशान
दमोह जिले के हटा बस स्टैंड पर मंगलवार सुबह नगर पालिका ने करीब 30 साल पुराने जर्जर यात्री प्रतीक्षालय को ध्वस्त कर दिया। अमले ने जेसीबी की मदद से प्रतीक्षालय के आसपास पसरे अवैध अतिक्रमण को भी साफ कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण के लिए हुई कार्रवाई नगर पालिका के अनुसार, बस स्टैंड के बीचों-बीच स्थित यह पुराना भवन काफी समय से जर्जर हो चुका था, जिससे बसों के आवागमन और यातायात व्यवस्था में लगातार बाधा आ रही थी। यह कार्रवाई हटा बस स्टैंड के सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण की योजना के तहत की गई है, ताकि आने वाले समय में यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें। बारिश के मौसम में बढ़ेगी यात्रियों की आफत इधर, नगर पालिका की इस अचानक हुई कार्रवाई पर आम यात्रियों ने गहरी चिंता और नाराजगी जताई है। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि प्रशासन ने जर्जर प्रतीक्षालय को तो गिरा दिया, लेकिन यहां आने वाले सैकड़ों मुसाफिरों के बैठने या ठहरने के लिए कोई वैकल्पिक शेड या व्यवस्था नहीं की है। अब चूंकि बारिश का मौसम शुरू हो चुका है, ऐसे में यात्रियों को खुले में भीगने और परेशान होने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। तत्कालीन कलेक्टर के आदेश पर एक्शन प्रतीक्षालय गिराए जाने को लेकर नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र खरे ने बताया कि भवन अत्यंत जर्जर स्थिति में था और कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। इसे गिराने के लिखित आदेश तत्कालीन कलेक्टर द्वारा पहले ही जारी कर दिए गए थे। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के मौसम में यात्रियों को छांव की दिक्कत न हो, इसलिए तब इस कार्रवाई को टाल दिया गया था। अब बारिश में किसी भी संभावित जनहानि या हादसे को रोकने के लिए इसे मंगलवार सुबह गिराया गया है। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद रहे अधिकारी इस पूरी अतिक्रमण विरोधी और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान हटा तहसीलदार आलोक जैन, नगर पालिका प्रभारी सीएमओ राजेंद्र खरे, उपयंत्री दीपक श्रीवास्तव, पटवारी अनिल शुक्ला, अतिक्रमण प्रभारी सुरेश तिवारी सहित भारी संख्या में नगर पालिका का अमला और हटा थाना पुलिस बल सुरक्षा के लिहाज से मौके पर मुस्तैद रहा।