समाचार · मध्य प्रदेश
किराए के मकान का ताला तोड़कर चुराए 9 मोटर पंप:1.48 लाख रुपए का सामान बरामद, एत गिरफ्तार दूसरे आरोपी की तलाश जारी
छिंदवाड़ा के हर्रई में किराए के मकान का ताला तोड़कर मोटर पंप चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 1 लाख 48 हजार रुपए कीमत के 9 विद्युत मोटर पंप बरामद किए हैं। वारदात में उसका एक साथी भी शामिल था, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम महापुरा निवासी सावन निगमवाल (23) ने 25 नवंबर को हर्रई थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि हर्रई के वार्ड क्रमांक 4 में दिलीप सूर्यवंशी के मकान में किराए के कमरे का ताला तोड़कर मोटर पंप चोरी किए गए हैं। 23 अक्टूबर से 24 नवंबर के बीच चोर कमरे से 5 एचपी के 7 और 2 एचपी का 1 मोटर पंप ले गए थे। तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस चोरी की शिकायत के बाद एसपी अजय पांडेय और एएसपी आशीष खरे के निर्देश पर एसडीओपी अमरवाड़ा कल्याणी बरकड़े के मार्गदर्शन में पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से ग्राम बसुरिया खुर्द निवासी दीपक कहार (25) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दीपक ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 9 विद्युत मोटर पंप बरामद किए। इनकी कीमत 1.48 लाख रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब उसके दूसरे साथी की तलाश कर रही है।