समाचार · मध्य प्रदेश
किशोरी ने कीटनाशक के गिलास से पी लिया पानी, मौत:नापने के लिए उसी ने निकाली थी दवा, अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
बैतूल के झल्लार थाना क्षेत्र के लाखाझिरी गांव में 17 साल की किशोरी की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, उसने गलती से उस गिलास से पानी पी लिया, जिसमें पहले कीटनाशक रखा गया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान शिवानी पिता भाबाला बारस्कर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7 से 8 बजे शिवानी अपने पिता के साथ खेत में कीटनाशक छिड़कने की तैयारी कर रही थी। कीटनाशक नापने के लिए एक गिलास में दवा निकाली गई और उसे पानी में मिलाया गया। इसके बाद पिता-पुत्री खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने चले गए। घर लौटने के बाद गलती से पी लिया पानी छिड़काव पूरा करने के बाद दोनों घर लौटे। परिजनों के मुताबिक, शिवानी ने गलती से उसी गिलास से पानी पी लिया, जिसमें पहले कीटनाशक रखा गया था। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए शिवानी को ICU में भर्ती किया। रविवार दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।