समाचार · बिहार
TRE-4 अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर, 25 जुलाई तक BPSC को भेजी जाएगी अधियाचना, शिक्षा मंत्री ने दिए सख्त निर्देश

Bihar TRE 4 Vacancy: बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी तेज हो गई है. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि TRE-4 भर्ती के लिए 25 जुलाई तक बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को अधियाचना भेजी जाए. उन्होंने साफ कहा कि विभागीय कार्यों में किसी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी काम तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं.
30 कार्यदिवस में निपटें जनता के आवेदन
बैठक में शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों से मिलने वाले सभी आवेदनों का अधिकतम 30 कार्यदिवस के भीतर निपटारा किया जाए. उन्होंने विभाग में टीम वर्क को मजबूत करने और कामकाज में पारदर्शिता लाने पर भी जोर दिया.
TRE-4 की तैयारियों की हुई समीक्षा
बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा TRE-4 भर्ती, मॉडल स्कूल और स्थानांतरण नीति को लेकर हुई. मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं, ताकि अधियाचना तय समय के भीतर BPSC को भेजी जा सके.
मॉडल स्कूलों में 4 लाख से अधिक नामांकन
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि राज्य के सभी प्रखंडों में खोले जा रहे मॉडल स्कूलों में अब तक 4 लाख से अधिक बच्चों का नामांकन हो चुका है. इस पर संतोष जताते हुए मंत्री ने अन्य राज्यों के मॉडल स्कूलों की कार्यप्रणाली का अध्ययन करने और अगले सोमवार को इस विषय पर विशेष बैठक करने का निर्देश दिया.
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की टीम करेगी दौरा
शिक्षा मंत्री ने बताया कि अगले सप्ताह केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की एक टीम बिहार का दौरा करेगी. यह टीम राज्य में शिक्षा सुधार और नवाचार से जुड़े कार्यों की समीक्षा करेगी. अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया है.
सिमुलतला विद्यालय और मदरसा बोर्ड पर भी फोकस
बैठक में सिमुलतला आवासीय विद्यालय में सामने आई अनियमितताओं को दूर करने के निर्देश दिए गए. साथ ही मदरसा बोर्ड को नए भवन में स्थानांतरित करने और स्कूलों की शैक्षणिक व प्रशासनिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया.
हर महीने गांव जाएंगे BEO और DEO
मंत्री ने कहा कि सभी BEO और DEO हर महीने कम से कम एक दिन गांव में बिताएंगे. इस दौरान वे अभिभावकों से बातचीत करेंगे और स्कूलों की स्थिति पर फीडबैक लेंगे. उनका मानना है कि इससे जमीनी स्तर की समस्याओं को समझने में मदद मिलेगी.
कोचिंग नीति तैयार करने के निर्देश
मिथिलेश तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि कोटा, सीकर और अन्य प्रमुख शिक्षा केंद्रों की कोचिंग व्यवस्था का अध्ययन किया जाए. इसके आधार पर बिहार के लिए भी एक समग्र कोचिंग नीति तैयार की जाएगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
अपार आईडी और ई-शिक्षा कोष पर सख्ती
बैठक में अपार आईडी (APAAR ID) बनाने के लक्ष्य को पूरा नहीं करने वाले सरकारी और निजी स्कूलों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए. ऐसे संस्थानों को मिलने वाली राशि रोकने की बात भी कही गई. इसके अलावा ई-शिक्षा कोष व्यवस्था को मजबूत करने, सरकारी निधियों के दुरुपयोग की जांच कराने और केंद्र से मिली राशि का समय पर उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.
शिक्षा व्यवस्था में सुधार पर सरकार का फोकस
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए लगातार सुधारात्मक कदम उठा रही है. सभी योजनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी और तय समय सीमा के भीतर उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा.
Also Read: कौन हैं अभिषेक कुमार? बांकीपुर से BJP ने जिस चेहरे पर खेला दांव, जानिए उनका राजनीतिक सफर