Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शाजापुर में निजी फोटो भेजकर सगाई तुड़वाने का आरोप:पीड़िता बोली-पीछा किया, धमकी दी, लगातार परेशान कर रहा; पूर्व मंगेतर पर केस दर्ज

INT News4 July 2026 at 12:49 pm

शाजापुर जिले के मोहनबड़ोदिया थाना क्षेत्र की 28 वर्षीय युवती ने अपने पूर्व मंगेतर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसकी निजी तस्वीरें वायरल कर दूसरी जगह तय हुई सगाई तुड़वा दी, जान से मारने की धमकी दी और लगातार उसका पीछा कर प्रताड़ित करता रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 2020 में हुई थी सगाई, 2022 में टूटा रिश्ता पुलिस के मुताबिक, युवती अपने पिता और चाचा के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वर्ष 2020 में ग्राम खेड़ा बमोरी निवासी विजय से उसकी सगाई हुई थी। सगाई के दौरान दोनों के बीच बातचीत होती थी और इसी दौरान कुछ निजी फोटो भी लिए गए थे। युवती का कहना है कि बाद में विजय के शराब की लत होने की जानकारी मिलने पर वर्ष 2022 में दोनों परिवारों की सहमति से सगाई तोड़ दी गई। इसके बाद भी आरोपी लगातार फोन कर उसे परेशान करता रहा। दूसरी सगाई भी टूटने का आरोप शिकायत के अनुसार, 28 मई 2026 को आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल कर दूसरी जगह शादी करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद 31 मई को दूसरी जगह सगाई तय होने पर उसने युवती की निजी तस्वीरें होने वाले ससुराल पक्ष को भेज दीं। युवती का आरोप है कि इसके चलते 14 जून को उसकी सगाई टूट गई। कॉलेज जाते समय पीछा करने का आरोप युवती ने यह भी आरोप लगाया कि 2 जुलाई को जब वह अपने चाचा के साथ बीकेएसएन कॉलेज, शाजापुर जा रही थी, तब आरोपी बाइक से उसका पीछा करता रहा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शुक्रवार शाम मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।