Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

जहानाबाद में बालू माफियाओं ने की ग्रामीणों पर फायरिंग, महिला समेत पांच की स्थिति गंभीर, जानें क्या है मामला

INT News4 July 2026 at 01:53 pm

जहानाबाद(घोसी) से सुनील कुमार की रिपोर्ट

Jehanabad Sand Mining Firing : जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र के चैतीपीपर गांव में अवैध बालू उठाव का विरोध करना ग्रामीणों को भारी पड़ गया. आरोप है कि विरोध से नाराज बालू माफियाओं ने पहले ग्रामीणों के साथ मारपीट की और फिर गोलीबारी कर दी. इस घटना में एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए. सभी घायलों का पहले घोसी रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

Jehanabad Sand Mining Firing: क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, घोसी थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाली फल्गु नदी से लंबे समय से अवैध बालू उठाव की शिकायतें सामने आती रही हैं. चैतीपीपर गांव के समीप भी कथित तौर पर बालू माफिया लगातार अवैध खनन कर रहे थे. ग्रामीणों का आरोप है कि इससे नदी किनारे के तटबंध कट रहे हैं और खेती योग्य जमीन को नुकसान पहुंच रहा है.

शनिवार को करीब 11 बजे एक बार फिर कथित तौर पर बालू का अवैध उठाव किया जा रहा था. इसका ग्रामीणों ने विरोध किया. आरोप है कि इसके बाद विवाद बढ़ गया और बालू माफियाओं ने पहले मारपीट की, फिर फायरिंग शुरू कर दी.

Jehanabad News: घटना में कितने लोग घायल हुए?

गोलीबारी और मारपीट की इस घटना में अजय राम, विजय राम समेत एक महिला सहित कुल पांच लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को पहले घोसी रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

जहानाबाद की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें

Jehanabad Police: पुलिस ने क्या कहा?

घोसी थाना प्रभारी शैलेश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार उन पर गोलीबारी की गई है, जिसमें एक महिला समेत पांच लोग घायल हुए हैं. हालांकि, कितने लोग गोली लगने से और कितने लोग मारपीट में घायल हुए हैं, इसका स्पष्ट पता जांच के बाद ही चल सकेगा. उन्होंने बताया कि सभी घायलों का इलाज चल रहा है और फिलहाल सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं.

एक आरोपी गिरफ्तार

ग्रामीणों ने अवैध बालू उठाव का आरोप पड़ोसी गिंजी गांव के लोगों पर लगाया है. घटना के बाद ग्रामीणों ने विष्णु शर्मा नामक एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. मारपीट में उसे भी चोटें आई हैं और उसका भी इलाज कराया जा रहा है.

आगे क्या होगी कार्रवाई?

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. घायलों के बयान, चिकित्सीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यदि गोलीबारी की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं के तहत आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Also read: जहानाबाद में हार्डवेयर दुकान में लगी आग, शॉर्ट सर्किट से हजारों का नुकसान