समाचार · पंजाब
अबोहर में झाड़ियों में मिला युवक का अर्धनग्न शव:शिनाख्त नहीं, हत्या कर फेंके जाने की आशंका, पीले रंग की टीशर्ट पहने हुए है
फाजिल्का जिले के अबोहर शहर के आभा स्क्वेयर स्थित नए स्टेडियम और फायर ब्रिगेड के पीछे झाड़ियों में आज सुबह एक अज्ञात युवक का अर्धनग्न शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और समाज सेवी संस्था के सदस्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका। जानकारी के अनुसार, सुबह के समय जब लोगों ने स्टेडियम के पास झाड़ियों में एक युवक का शव देखा, तो तुरंत इसकी सूचना 'नर सेवा नारायण सेवा समिति' को दी गई। सूचना मिलते ही समिति के प्रधान राजू चराया, सदस्य बिट्टू नरुला और सोनू ग्रोवर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने बिना देरी किए स्थानीय पुलिस को मामले से अवगत कराया। संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पैरों में शुरू हुई गलन सूचना मिलते ही एएसआई लाल चंद और हवलदार बबलू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस के मुताबिक युवक का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा हुआ था। मृतक के पैरों में गलन शुरू हो चुकी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में हुई होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को 72 घंटों की पहचान और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। युवक की मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस हर एंगल से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।"