समाचार · मध्य प्रदेश
ट्रक को साइड देते समय बाइक गड्ढे में गिरी:सिवनी में महिला और मासूम बच्चा घायल, स्थानीयों ने की गड्ढे भरने की मांग
सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र के कटिया गांव के पास शनिवार सुबह ट्रक को साइड देने के दौरान एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। हादसे में बाइक पर सवार महिला और एक मासूम बच्चे को मामूली चोटें आईं, जबकि चालक सुरक्षित बच गया। सुबह करीब 11 बजे पिपरिया निवासी जगदीश धुर्वे अपने परिवार के साथ बाइक से मेहता की ओर जा रहे थे। कटिया गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक को रास्ता देने के लिए उन्होंने बाइक सड़क के किनारे उतारी। इसी दौरान कच्ची पटरी और गहरे गड्ढे के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह गड्ढे में जा गिरी। ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बाइक सवारों की मदद की। दुर्घटना में राजकुमारी बाई और बच्चे आयुष को मामूली चोटें आईं। ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिलाया। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि बाइक की रफ्तार अधिक होती या ट्रक ज्यादा करीब होता, तो हादसा गंभीर हो सकता था। राहत की बात रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सड़क किनारे गड्ढों पर उठे सवाल स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण सड़कों के किनारे बने गहरे गड्ढे और जर्जर कच्ची पटरी आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। बारिश में मिट्टी नरम होने से दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क किनारे की पटरी दुरुस्त कराने और गड्ढे भरने की मांग की है।