समाचार · बिहार
अब लखीसराय में घर के पास बनेगा पासपोर्ट! 21 जुलाई से लगेगा 3 दिवसीय मोबाइल वैन शिविर, ऐसे करें आवेदन

पटना से अनुपम की रिपोर्ट
Passport Seva Mobile Van Camp : लखीसराय और आसपास के जिलों के लोगों के लिए राहत भरी खबर है. विदेश मंत्रालय की “पासपोर्ट सेवा–पासपोर्ट आपके द्वार” पहल के तहत 21 से 23 जुलाई, 2026 तक समाहरणालय परिसर, लखीसराय में तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर लगाया जाएगा. इस शिविर के जरिए नागरिकों को स्थानीय स्तर पर पासपोर्ट संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
Passport Seva Mobile Van Camp: 21 से 23 जुलाई तक लगेगा विशेष पासपोर्ट शिविर
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO), पटना की ओर से 21, 22 और 23 जुलाई को समाहरणालय परिसर, लखीसराय में पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर आयोजित किया जाएगा. इसका उद्देश्य नागरिकों को घर के नजदीक पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराना और आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाना है.
Lakhisarai News: यह लखीसराय का दूसरा मोबाइल वैन शिविर
लखीसराय में यह दूसरा पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर होगा. इससे पहले 1 से 3 जुलाई 2025 के बीच आयोजित शिविर को अच्छा प्रतिसाद मिला था. जिले में लगातार बढ़ रही पासपोर्ट की मांग को देखते हुए इस बार फिर विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है.
प्रतिदिन 55 आवेदकों को मिलेगा मौका
शिविर का संयुक्त उद्घाटन 21 जुलाई को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार और क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, पटना स्वधा रिज़वी करेंगे. तीन दिनों में कुल 165 आवेदकों को सेवा देने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए प्रतिदिन 55 ऑनलाइन अपॉइंटमेंट निर्धारित किए गए हैं.
Passport Seva Portal: आवेदन से पहले करना होगा यह काम
पासपोर्ट बनवाने के इच्छुक नागरिकों को पहले पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा और अपॉइंटमेंट बुक करनी होगी. आवेदन के दौरान सेवा केंद्र के रूप में “पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर–लखीसराय” का चयन करना अनिवार्य होगा. निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर स्थल पर पहुंचकर प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी.
पटना की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
नई शुल्क दरें लागू
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने बताया है कि 1 जुलाई 2026 से विदेश मंत्रालय द्वारा अधिसूचित संशोधित पासपोर्ट शुल्क लागू हो चुका है. इसलिए 1 जुलाई या उसके बाद जमा किए गए सभी आवेदनों पर नई शुल्क दरें लागू होंगी.
19वां मोबाइल वैन शिविर
अप्रैल 2024 से अब तक क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा आयोजित यह 19वां पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर होगा. इस पहल से लखीसराय और आसपास के जिलों के लोगों को पासपोर्ट सेवा के लिए पटना या अन्य केंद्रों तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी.
ऐसे में इच्छुक आवेदकों को जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन कर अपॉइंटमेंट बुक कर लेनी चाहिए, क्योंकि प्रतिदिन केवल 55 स्लॉट उपलब्ध रहेंगे. निर्धारित तिथि पर जरूरी दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचना होगा.
Also Read: गृह मंत्रालय के आदेश के बाद बिहार के छात्रों को कराया जाएगा यह कोर्स, साइबर सुरक्षा के प्रति किया जाएगा जागरूक