समाचार · मध्य प्रदेश
नागपंचमी पर घर में घुसा 3 फीट लंबा कोबरा:पलंगपेटी के नीचे छिपा बैठा था, फुफकारने की आवाज सुन परिवार के लोगों ने देखा
सागर के बड़तूमा इलाके में नाग पंचमी के दिन एक मकान में करीब तीन फीट लंबा कोबरा सांप घुस गया। कमरे से फुफकारने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य वहां पहुंचे तो पलंग पेटी के पास सांप दिखाई दिया। लोगों की आहट सुनकर सांप पलंग पेटी के नीचे छिप गया। परिवार ने तत्काल स्नेक कैचर बबलू पवार को सूचना दी, जिन्होंने करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद सांप का रेस्क्यू कर लिया। फुफकारने की आवाज सुनकर कमरे में पहुंचे परिजन बड़तूमा निवासी अंकित यादव सोमवार सुबह परिवार के साथ घर में थे। इसी दौरान घर के एक कमरे से अजीब आवाज सुनाई दी। परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे तो पलंग पेटी के पास सांप नजर आया। सांप को देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया। लोगों की आहट मिलते ही सांप पलंग पेटी के नीचे जाकर छिप गया। 15 मिनट की मशक्कत के बाद पकड़ा सांप सांप की सूचना मिलने पर स्नेक कैचर बबलू पवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया। स्नेक कैचर के मुताबिक पकड़ा गया सांप कोबरा प्रजाति का है और उसकी लंबाई करीब तीन फीट है। बारिश में घरों की ओर पहुंच रहे जीव-जंतु स्नेक कैचर बबलू पवार ने बताया कि बारिश के कारण सांपों और अन्य जीव-जंतुओं के बिलों में पानी भर जाता है। ऐसे में वे सुरक्षित और सूखे स्थान की तलाश में घरों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर पहुंच रहे हैं। उन्होंने लोगों से घर के आसपास साफ-सफाई रखने और अंधेरे में बाहर निकलते समय पर्याप्त रोशनी का इस्तेमाल करने की अपील की। सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा रेस्क्यू किए गए कोबरा को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़े जाने की बात कही गई है। घटना के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।