Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

टीकमगढ़: अतिक्रमण के चलते मुक्तिधाम तक रास्ता नहीं:कीचड़ भरे रास्ते निकली शवयात्रा, कंधे पर लकड़ी लादकर पहुंचे ग्रामीण

INT News17 August 2026 at 01:52 pm

टीकमगढ़ जिले की खरगापुर तहसील की चंदपुरा पंचायत में मुक्तिधाम तक पहुंचने के लिए रास्ता नहीं है। सोमवार को एक अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे ग्रामीणों को कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ा। शव के साथ लकड़ियां भी कंधे पर लादकर मुक्तिधाम तक ले जानी पड़ीं। ग्रामीण लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई समाधान नहीं किया गया है। मुक्तिधाम के लिए स्वीकृत जमीन पर भी अवैध कब्जा बताया जा रहा है। हाल ही में बंदरा अहिरवार और दयाराम अहिरवार के अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। श्मशान घाट मुख्य मार्ग से केवल 50 मीटर दूर है, फिर भी पहुंच मार्ग का निर्माण नहीं हो पा रहा है। अतिक्रमण और रास्ते की कमी के कारण अंतिम यात्रा निकालने में हर बार ग्रामीणों को कठिनाई होती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि श्मशान भूमि से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाए और मुख्य मार्ग से श्मशान तक सीसी सड़क का निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि कई बार गुहार लगाने के बाद भी इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया है। इस संबंध में पंचायत सरपंच विदेह पाठक के पति संजय पाठक ने बताया कि मुक्तिधाम के लिए डेढ़ एकड़ जमीन स्वीकृत है, जिस पर गांव के पूर्व सरपंच का कब्जा है। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जे के कारण पहुंच मार्ग नहीं बन पा रहा है। संजय पाठक के अनुसार, इस समस्या को लेकर कलेक्टर और तहसीलदार से कई बार लिखित शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो सका है।