समाचार · मध्य प्रदेश
शाजापुर में अगले सप्ताह बारिश के आसार कम:मौसम में बदलाव, तापमान में बढ़ोतरी की संभावना
शाजापुर में अगले एक सप्ताह तक मौसम में खास बदलाव की संभावना नहीं है और अच्छी बारिश के आसार भी कम हैं। सोमवार को शहर में सुबह से ही आसमान पर बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश की गतिविधियां कम रहने से दिन और रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। पिछले सप्ताह शहर में लगातार सात दिनों तक मौसम बदला रहा, जिसमें कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश दर्ज की गई। हालांकि, शनिवार से मौसम ने करवट ली और बारिश पर विराम लग गया। सोमवार को भी बादल छाए रहे, लेकिन भारी बारिश की कोई विशेष संभावना नहीं थी। मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि सोमवार को शाजापुर में अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। उन्होंने यह भी बताया कि अगले एक सप्ताह तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है। धनोतिया के अनुसार, इस दौरान बादल छाए रहने और स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन अच्छी या विशेष बारिश होने के आसार नहीं हैं। बारिश की कमी के कारण तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि दर्ज होने की संभावना है।