समाचार · हरियाणा
जींद में दो दोस्तों पर हमला, बाइक जलाई:बदमाशों ने लूटपाट का प्रयास किया, पीड़ितों ने खेतों में भागकर बचाई जान
जींद जिले के सफीदों के गांव सिंघाना के पास दो दोस्तों पर हमला कर उनकी बाइक को आग लगाने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने युवकों से लूटपाट का प्रयास किया और उन्हें जलाने की कोशिश भी की। पीड़ितों ने खेतों में भागकर अपनी जान बचाई। यह घटना रात के अंधेरे में हुई। सदर थाना सफीदों पुलिस ने इस मामले में चार नामजद सहित 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में सिंघाना निवासी प्रिंस ने बताया कि वह अपने दोस्त अभि के साथ सफीदों से बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहा था। बी.एस.एम. स्कूल रामपुरा के पास 10-12 बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने दोनों दोस्तों को जबरन रोका और उनसे पैसे व मोबाइल छीनने का प्रयास किया। छीनाझपटी के दौरान हुई बदमाशों की पहचान छीनाझपटी के दौरान प्रिंस और उसके दोस्त ने हमलावरों में से चार युवकों को पहचान लिया। ये चारों युवक सिंघाना गांव के ही रहने वाले हैं, जिनकी पहचान प्रदीप कश्यप, विकास कश्यप, राजा वाल्मीकि और बादल के रूप में हुई है। पहचान उजागर होने पर बदमाशों ने लाठी और गंडासियों से दोनों युवकों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने युवकों को जलाने का भी प्रयास किया। इस दौरान दोनों दोस्त बदमाशों के चंगुल से छूटकर खेतों की ओर भागे और अंधेरे का फायदा उठाकर अपनी जान बचाई। इसके बाद बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया। अस्पताल से आई कॉल, पुलिस ने दर्ज किया केस वारदात के बाद घायल हालत में पीड़ितों ने अपना मेडिकल करवाया और अस्पताल से पुलिस को सूचना भेजी गई। सफीदों सदर थाना पुलिस ने प्रिंस की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रदीप, विकास, राजा और बादल समेत उनके अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा नंबर 157 दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का दौरा कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।