समाचार · छत्तीसगढ़
रायपुर में पशु-पक्षियों के लिए ‘एनिमल एम्बुलेंस’ सेवा शुरू:सड़क पर घायल पशुओं को मिलेगा मौके पर इलाज, नम्रमुनि महाराज से मिली प्रेरणा
रायपुर में पशु-पक्षियों की सेवा के लिए एक नई “एनिमल एम्बुलेंस” की शुरुआत की गई है। यह सेवा अर्हम युवा सेवा ग्रुप द्वारा शुरू की गई है। इसका उद्देश्य सड़क पर घायल, बीमार और बेसहारा पशुओं को तुरंत मौके पर ही इलाज देना है ताकि उनकी जान बचाई जा सके। नम्रमुनि महाराज साहेब की प्रेरणा सेवा शुरू यह सेवा राष्ट्रसंत नम्रमुनि महाराज साहेब की प्रेरणा से शुरू की गई है। बताया गया है कि इस तरह की कुल 49 एनिमल एम्बुलेंस पहले से ही अलग-अलग राज्यों जैसे महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हैदराबाद, गुजरात, चेन्नई, केरल, बिहार और झारखंड में चल रही हैं। इस एम्बुलेंस का शुभारंभ 28 जून 2026 (रविवार) को किया गया। कार्यक्रम में कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने इस सेवा की जिम्मेदारी संभाली। सेवा का हेल्पलाइन नंबर 6262 090917 है और यह सुबह 9:30 बजे से शुरू की गई है। राजेश मूणत ने एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री और रायपुर के विधायक राजेश मूणत मौजूद रहे, जिन्होंने हरी झंडी दिखाकर इस सेवा की शुरुआत की। वहीं विशेष अतिथि के रूप में उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा, लोकेश कावड़िया, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा और पार्षद कृतिका जैन समेत समाज के लोग भी शामिल हुए। कार्यक्रम में गुरुदेव नम्रमुनि महाराज साहेब का ऑनलाइन संदेश भी प्रसारित किया गया। यह आयोजन देसाई भवन, देवेंद्र नगर, रायपुर में हुआ, जिसमें समाज के कई सदस्य उपस्थित रहे। इस मौके पर दीपकभाई दोशी, हिरेन वोरा, अध्यक्ष अश्विनभाई दोशी, भूपतभाई शाह, नेमचंद जी, धर्मेश देसाई, सरल मोदी सहित अन्य पदाधिकारियों ने इस सेवा कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन मुकेश भाई ढोलकिया ने किया।